नगर विकास मंत्री और मेयर के आदेश की अनदेखी, अब भी अधूरी है नगर निगम की तैयारी
रांची : छठ महापर्व के शुरू होने में मात्र तीन दिन शेष हैं. लेकिन, शहर के ज्यादातर तालाब और छठ घाट अब भी सफाई की बाट जोह रहे हैं. यह हाल तब है जब नगर विकास मंत्री सीपी सिंह और मेयर आशा लकड़ा तालाबों का मुआयना कर इनकी सफाई और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का आदेश दे चुके हैं.
गुरुवार को प्रभात खबर की टीम ने शहर के प्रमुख तालाबों का दौरा कर इनकी मौजूदा हालात का जायजा लिया. टीम ने बड़ा तालाब, रिम्स तालाब, तेतर टोली तालाब, जेल तालाब, लाइन टैंक तालाब, बटन तालाब, शहीद मैदान तालाब, नायक तालाब चुटिया, दिव्यायन तालाब आिद का दौरा किया. इस क्रम में पाया गया कि तालाबों में जहां-तहां गंदगी पड़ी हुई है. सीढ़ियों पर काई जमी हुई है, जिससे फिसलन का खतरा बना हुआ है. पानी में भी काई जमी हुई है, जिससे पूरा तालाब हरा दिख रहा है.
कुछ तालाबों में जलकुंभी दिख रहे हैं. रिम्स तालाब एक ओर का हिस्सा काफी गंदा है. प्रवेश करते ही दाहिनी ओर की कच्ची दीवार पर लोग लघुशंका करते हैं. इसकी वजह से वहां काफी दुर्गंध आती है. हालांकि, कुछ तालाबों में रांची नगर निगम के सफाई कर्मी साफ-सफाई करते नजर आ रहे हैं. लेकिन, इसकी रफ्तार भी बहुत धीमी है. दुर्गा पूजा के बाद विसर्जित की गयी प्रतिमाओं के अवशेष अब भी पानी में उतरा रहे हैं. इधर, काली पूजा के बाद होनेवाली प्रतिमा विसर्जन अब भी बाकी है.
लोगों ने अभी से शुरू कर दी घाटों की घेराबंदी, नाम लिखे जा रहे हैं
मेयर और नगर आयुक्त ने आदेश जारी किया था कि किसी तालाब के छठ घाटों पर कोई कब्जा नहीं करेगा. वहीं, पैसे लेकर घाट बेचने वालों पर भी कार्रवाई की बात कही गयी थी. इसके बावजूद तालाबों के किनारे छठ घाटों की घेराबंदी शुरू हो गयी है. जगह सुरक्षित रहे इसलिए लोगों ने अभी से सीढ़ियों पर पेंट से अपना नाम और वर्ष भी लिख कर छोड़ दिया है.
छठ घाटों की सफाई के लिए लगाये गये 200 सफाईकर्मी : डिप्टी मेयर
तालाबों व छठ घाटों की सफाई के लिए नगर निगम की अोर से 200 से अधिक सफाईकर्मियों को लगाया गया है. इसके अलावा सभी वार्डों के सुपरवाइजर व जोनल सुपरवाइजर को निर्देश दिया गया है कि वह छठ से पहले सभी घाटों को तैयार कर लें.
इस संबंध में डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि छठ घाटों की सफाई का काम दो सप्ताह पहले से ही किया जा रहा है. अभी दीवाली को लेकर हो सकता है, कुछ घाट गंदे हो लेकिन शुक्रवार से युद्धस्तर से छठ घाटों की सफाई करायी जायेगी. छठ से एक दिन पहले सभी घाट श्रद्धालुअों को तैयार मिलेंगे.
