रांची : जेएनयू में छात्र संगठन के चुनाव के बाद हो रही झड़प के विरोध में पुतला दहन करने निकले डीवाइएफआइ, एआइएसएफ और एसएफआइ के कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया. कार्यकर्ता सीपीआइ कार्यालय से निकल कर फिरायालाल चौक जा रहे थे. कुछ दूर आगे बढ़े थे कि भगवा झंडा लेकर कुछ लोगों ने इन पर हमला कर दिया.
इससे बुधराम उरांव नामक एक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया. उसका इलाज रिम्स में चल रहा है. उसकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. डीवाइएफआइ के सचिव संजय पासवान ने बताया कि हमला कर आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है. इसका विरोध किया जायेगा.
वाम कार्यकर्ताओं पर हमले का विरोध
माले ने वाम कार्यकर्ताओं पर हमले का विरोध किया है. पार्टी के राज्य सचिव जनार्दन प्रसाद ने कहा है कि वामदलों से जुड़े युवा शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जुलूस निकाल रहे थे. इन पर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने हमला किया है. राज्य में कानून का शासन खत्म हो गया है. पुलिस की देखरेख में ऐसा हो रहा है. यह लोकतंत्र विरोधी है. माले घटना की निंदा करती है.
