रांची : पुरी और मुंबई में प्रस्तावित झारखंड भवन के निर्माण के लिए समयसीमा तय कर ली गयी है. भवन निर्माण विभाग अगले 24 माह में दोनों जगहों पर झारखंड भवन का निर्माण करा लेगा. झारखंड भवन के लिए ओड़िशा और महाराष्ट्र सरकार ने जमीन का आवंटन कर दिया है.
दोनों ही जगहों के लिए भवन निर्माण विभाग ने रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) तैयार कर मुख्यमंत्री की स्वीकृति के लिए भेज दिया है.
आरएफपी के जरिये परामर्शी का चयन किया जायेगा. परामर्शी की ओर से प्रस्तावित झारखंड भवन का डिजाइन तैयार किया जायेगा. उसके बाद टेंडर आमंत्रित कर संवेदक का चयन किया जायेगा. भवन निर्माण सचिव सुनील कुमार ने बताया कि राज्य सरकार के प्रयास से महाराष्ट्र और ओड़िशा सरकार ने मुंबई और पुरी में लगभग एक एकड़ भूमि झारखंड सरकार को दी है. जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है.
जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रस्तावित झारखंड भवन का निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया गया है. विभाग कोशिश कर रहा है कि मुंबई और पुरी के झारखंड भवन का निर्माण भी दिल्ली के साथ ही पूरा किया जाये. इसके लिए आवश्यक निर्देश दिये गये हैं.
