यूनाइटेड किंगडम के अंतरराष्ट्रीय विकास विभाग का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचा रांची
रांची : यूनाइटेड किंगडम के अंतरराष्ट्रीय विकास विभाग का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बुधवार को रांची पहुंचा. यहां स्मार्ट अर्बनाइजेशन के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग देने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक भी की. प्रतिनिधिमंडल ने रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड व रांची नगर निगम के दफ्तर में जाकर अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक की.
इन बैठकों में प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि किन-किन क्षेत्रों में टेक्निकल असिस्टेंस देने की प्राथमिकता है. मौके पर दोनों कॉरपोरेशन की अोर से प्रतिनिधिमंडल को कुछ प्रस्ताव सौंपे गये. टीम गुरुवार को भी नगर निगम कार्यालय में रांची स्मार्ट सिटी और रांची नगर निगम के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से बैठक करेगी.
इसमें दोनों कॉरपोरेशन की ओर से सौंपे गये प्रस्ताव की भी समीक्षा की जायेगी. उसके बाद यह तय होगा कि पहले से निर्धारित प्राथमिकता में क्या बदलाव किया जा सकता है. कौन-कौन से क्षेत्र में सहयोग को प्राथमिकता में रखा जा सकता है.
रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों के साथ की बैठक
देश भर के 100 स्मार्ट शहरों में से किया गया है छह स्मार्ट शहरों का चयन
जानकारी के मुताबिक यूनाइटेड किंगडम के अंतरराष्ट्रीय विकास विभाग और भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने संयुक्त रूप से देश के 100 स्मार्ट शहरों में से छह स्मार्ट शहरों का चुनाव किया है, जिन्हें तकनीकी सहयोग देने का निर्णय लिया गया है. इसके तहत वित्तीय प्रबंधन, राजस्व संग्रहण और आर्थिक रूप से शहरों को और ज्यादा सक्षम बनाने की दिशा में काम किया जाना है. उन छह शहरों में राजधानी रांची भी शामिल है.
