स्कूलों के विलय पर सांसदों के पत्र पर विचार कर रही सरकार
रांची : शिक्षा मंत्री डॉ नीरा यादव ने कहा है कि स्कूलों का विलय बच्चों को गुणवत्ता युक्त शिक्षा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है. अब तक उन्हीं स्कूलों का विलय किया गया है, जिसमें बच्चों की संख्या काफी कम है और निकट में दूसरा विद्यालय है. राज्य में कई ऐसे स्कूल हैं, जिसमें बच्चों की संख्या 10 से भी कम थी. विलय के बाद सभी बच्चों का नामांकन विलय किये गये विद्यालय में सुनिश्चित कराया गया है. उक्त बातें शिक्षा मंत्री ने बुधवार को जैक कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही.
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार सांसदों के पत्र पर विचार कर रही है. उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर है.
पारा शिक्षकों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है. शिक्षक पुरस्कार योजना में राज्य के पारा शिक्षकों को भी शामिल किया जायेगा. इस संबंध में विभागीय सचिव को निर्देश दिया गया है. राज्य के स्थापना दिवस पर शिक्षकों को सम्मानित किया जायेगा. वित्तरहित शिक्षण संस्थानों का अनुदान दोगुना किया गया है. सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति भी गंभीर है
