रांची : राज्य के प्राथमिक व मध्य विद्यालय के शिक्षकों को दस जिलों में अब तक प्रोन्नति नहीं मिली है. स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के निर्देश के बाद भी प्रावधान के अनुरूप अब तक शिक्षकों को प्रोन्नति नहीं दी गयी. प्रोन्नति नहीं मिलने से शिक्षकों में आक्रोश है.
झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के महासचिव योगेंद्र तिवारी ने कहा है कि सिमडेगा, गुमला, साहेबगंज, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, सरायकेला, पाकुड़ व देवघर में शिक्षकों को प्रोन्नति नहीं दी गयी है. शिक्षक प्रोन्नति के लिए विभागीय कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं. संघ ने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को लेकर स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव एपी सिंह को ज्ञापन सौंपा है.
संघ ने सरकार से स्कूलों के विलय के निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की है. विद्यालयों में शिक्षकों की कमी के कारण अभिभावक सरकारी विद्यालयों में बच्चों का नामांकन नहीं करा रहे हैं, इस कारण विद्यार्थियों की संख्या कम हुई है. विद्यालयों में प्रावधान के अनुरूप शिक्षकों की नियुक्ति की जाये.
संघ ने अंतर जिला स्थानांतरण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की है. संघ का कहना है कि राज्य के प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में नव नियुक्त लगभग सात हजार शिक्षक अंतर जिला स्थानांतरण का इंतजार कर रहे हैं.
