रांची : पुलिस की टीम ने तुपुदाना और धुर्वा इलाके में लूटपाट और फायरिंग की घटना में शामिल होने के आरोप में छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में महफूज अंसारी, चांद उर्फ महताब आलम, हाकिम अंसारी, दानिश खान, छोटे खान उर्फ डीजे और इमरोज अंसारी शामिल हैं. पुलिस ने उनके पास से घटना को अंजाम देने में प्रयुक्त बाइक, हथियार और गोली बरामद की है. यह जानकारी मंगलवार को अपने कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एसएसपी अनीश गुप्ता ने दी.
उनके साथ सिटी एसपी अमन कुमार, हटिया डीएसपी विकास पांडेय सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे. एसएसपी ने बताया कि 20 अगस्त को सूचना मिली कि तुपुदाना ओपी क्षेत्र के बालसिरिंग पहाड़ी के पीछे कुछ अपराधी हथियार लेकर एकत्र हुए हैं. वे किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.
इस सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और बालसिरिंग पहाड़ी की घेराबंदी की, तब अपराधी पुलिस को देख कर इधर-उधर भागने लगे. इसके बाद पुलिस की टीम ने छह अपराधियों को खदेड़ कर गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में बताया कि वे रिंग रोड और आसपास के क्षेत्र में हथियार के बल पर राहगीरों से हथियार, मोबाइल और बाइक लूटते थे.
कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकारी : एसएसपी ने बताया कि अपराधियों ने पूछताछ में छह मार्च को ब्रिजफोर्ड स्कूल के पास प्रीतम मुंडा से हथियार के बल पर स्कूटी लूटने और विरोध करने पर गोली मारने, धुर्वा डैम के पास एक प्रेमी जोड़े से हथियार के बल पर पैसा और मोबाइल फोन लूटने, खूंटी के कालामाटी में दूध के टैंकर के चालक से हथियार के बल पर पैसे लूटने, मई माह में सीठियो के ओवरब्रिज के पास खूंटी से आ रहे व्यक्ति से हथियार के बल पर पैसा और स्कूटी लूटने और 14 अगस्त की रात कंटेनर का पीछा कर बेरमाद ओवरब्रिज के पास लूटपाट का विरोध करने पर गोली मारने सहित अन्य कुछ घटनाओं में अपनी संलिप्तता की बात स्वीकार की है.
अपराधियों ने बताया कि चालक को गोली महफूज ने मारी थी. दानिश, इमरोज और छोटे खान का पहले से अपराधिक रिकॉर्ड रहा है. गिरोह का प्रमुख अपराधी दानिश खान है.
