शिक्षा विभाग ने जिलों से मांगी शिक्षक नियुक्ति संबंधी रिपोर्ट
रांची : स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग ने प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में पूर्व में हुई शिक्षक नियुक्ति की रिपोर्ट मांगी है. सभी जिलों से नियुक्ति के बाद रिक्त रह गये पद के बारे में जानकारी देने को कहा गया है. रिक्त पदों पर नियुक्ति की जा सकती है. हाइकोर्ट ने रिक्त पदों पर काउंसेलिंग […]
रांची : स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग ने प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में पूर्व में हुई शिक्षक नियुक्ति की रिपोर्ट मांगी है. सभी जिलों से नियुक्ति के बाद रिक्त रह गये पद के बारे में जानकारी देने को कहा गया है. रिक्त पदों पर नियुक्ति की जा सकती है. हाइकोर्ट ने रिक्त पदों पर काउंसेलिंग का आदेश दिया है. वर्ष 2013 में हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा के बाद राज्य में प्राथमिक व मध्य विद्यालय में हुई शिक्षक नियुक्ति में कक्षा एक से पांच में 4787 व कक्षा छह से आठ में 751 पद रिक्त रह गये थे.
वर्ष 2015 में जिला स्तर पर शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गयी थी. शिक्षकों की नियुक्ति जिला स्तर पर हुई थी. नियुक्ति के लिए काउंसेलिंग के बाद भी कई जिलों में सीट रिक्त रह गयी थी. जिलों को कक्षा एक से पांच व छह से आठ के लिए हुई नियुक्ति की अलग-अलग कोटिवार जानकारी देने को कहा गया है. कुछ जिलों से रिपोर्ट प्राथमिक शिक्षा निदेशालय को भेज दी गयी है.
वर्ष 2013 की शिक्षक पात्रता परीक्षा के बाद हुई नियुक्ति में कक्षा एक से पांच में 12,486 शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी. कक्षा एक से पांच में 4787 पद रिक्त रह गये थे. वहीं, कक्षा छह से आठ में 3963 पद के लिए जिला स्तर पर आवेदन आमंत्रित किया गया था. नियुक्ति के बाद भी छह से आठ में 751 पद रिक्त रह गये थे. नियुक्त से वंचित अभ्यर्थियों ने इस मामले को लेकर हाइकोर्ट में केस किया था. काउंसेलिंग होने पर राज्य भर में लगभग पांच हजार शिक्षकों की नियुक्ति हो सकती है.
प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में नियुक्ति के बाद रिक्त रहे पदों पर होनी है नियुक्ति
कक्षा एक से पांच में 4787 व छह से आठ में 751 पद रह गये थे रिक्त
काउंसेलिंग होने पर राज्य भर में हो सकती है पांच हजार शिक्षकों की नियुक्ति
कक्षा एक से पांच में 12,486 व कक्षा छह से आठ में 3963 पदों पर हुई थी नियुक्ति
कक्षा एक से पांच व छह से आठ के लिए हुई नियुक्ति की कोटिवार जानकारी देने का निर्देश
एक साथ नहीं हुई थी काउंसेलिंग
प्राथमिक शिक्षक नियुक्ति परीक्षा में एक अभ्यर्थी को एक से अधिक जिले में आवेदन देने की अनुमति दी गयी थी. सभी जिलों में एक साथ एक दिन काउंसेलिंग नहीं हुई. ऐसे में एक अभ्यर्थी एक से अधिक जिले में नियुक्ति के लिए काउंसेलिंग में शामिल हुए, उनका चयन भी हुआ. चयन के बाद योगदान वाले जिला को छोड़ कर अन्य जिले में सीट रिक्त रह गयी. इसके अलावा कुछ जिलों में आरक्षित कोटि के अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण भी सीट रिक्त रह गयी.