रांची : झामुमो बुद्धिजीवी मोर्चा के केंद्रीय समिति की बैठक रविवार को राजधानी रांची में हुई. इसकी अध्यक्षता मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ जावेद अहमद ने की. बैठक में केंद्रीय पदाधिकारियों को अलग-अलग जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया. साध ही एक माह के अंत तक समिति का गठन कर केंद्रीय समिति को सौंपने का निर्देश दिया गया. केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि पदाधिकारी पार्टी संविधान को ध्यान में रखते हुए अनुशासन के साथ काम करें.
समाज के प्रबुद्ध लोगों को हर जिलों में पार्टी से जोड़ा जाये. बैठक में आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव में पार्टी की प्राथमिकता, जनसंपर्क बढ़ाने, सोशल मीडिया का नियम संगत इस्तेमाल करने के साथ केंद्र व राज्य सरकार के विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गयी. डॉ अहमद ने पदाधिकारियों को चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया. महिला मोर्चा की केंद्रीय अध्यक्ष महुआ माजी ने मोर्चा में समन्वय स्थापित कर कार्य करने का सलाह दी.
मौके पर डॉ पीसी भगत, हामिद रजा, इमरान जावेद, दलवीर सिंह, वसीम खान, सोंबित माजी, अनवर एजाज, आरसी कुणाल, पैगाम अली, दिनेश बेसरा, हेमलाल मेहता, मनोज कुमार, जेरोम जायसवाल कुजूर समेत कई लोग मौजूद थे.
