राजधानी में बढ़ती जा रही मच्छर जनित बीमारियों से पीड़ित मरीजों की तादाद
रांची : रिम्स के माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग द्वारा सात अगस्त को लगाये गये शिविर में कई लोगों के ब्लड सैंपल लिये गये थे. हिंदपीढ़ी में लगाये गये शिविर से 41, सदर अस्पताल रांची से पांच और रिम्स से लिये गये 18 ब्लड सैंपल लिये गये थे. इन ब्लड सैंपलों की जांच के बाद 25 मरीजों में चिकनगुनिया और तीन मरीजों में चिकनगुनिया व डेंगू दोनों की पुष्टि हुई है. वहीं, सदर अस्पताल बोकारो से भी दो मरीजों के ब्लड सैंपल आये थे, जिनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी है.
रिम्स के माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग के आंकड़ों के अनुसार आठ दिनों में अबतक 423 मरीजों के ब्लड सैंपल की जांच की जा चुकी है. इधर, रिम्स के विभिन्न वार्डों में भर्ती 18 संदिग्ध मरीजों के भी ब्लड सैंपलों की जांच की गयी, जिसमें सात में चिकनगुनिया और दो में चिकनगुनिया व डेंगू दोनों की पुष्टि हुई है.
रिम्स के इमरजेंसी व ओपीडी में आनेवाले संदिग्ध मरीजों को विभिन्न डाॅक्टरों की देखरेख में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया जा रहा है. बुधवार को भी रिम्स में दो मरीजों को भर्ती किया गया. यह मरीज निजी अस्पताल की रिपोर्ट लेकर आये थे. एक महिला मरीज को डेंगू पॉजिटिव बताया गया है. वहीं, एक जवान को सेलेब्रल मलेरिया व डेंगू का संदिग्ध पाया गया है. दोनों मरीजों का ब्लड सैंपल माइक्रोबॉयोलॉजी में जांच के लिए भेजा जायेगा.
निजी अस्पतालों में आधा दर्जन और संदिग्ध मरीज भर्ती
सरकारी अस्पतालों के अलावा राजधानी के निजी अस्पतालों में भी चिकनगुनिया व डेंगू से पीड़ित मरीजों का इलाज भी चल रहा है. जानकारी के अनुसार आधा दर्जन से नये मरीज निजी अस्पतालों में भर्ती किये गये हैं. इसमें तीन मरीज राज अस्पताल, दो मरीज गुरुनानक और एक मरीज सेवा सदन अस्पताल में भर्ती है.
248 संदिग्ध मरीजों का लिया ब्लड सैंपल, आज आयेगी रिपोर्ट
राजधानी के विभिन्न स्थानों से बुधवार को रिम्स के माइक्रोबॉयोलॉजी में करीब 248 संदिग्ध मरीजों का ब्लड सैंपल भेजा गया है. माइक्रोबॉयाेलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ मनोज कुमार ने बताया कि शाम तक 100 मरीजों को ब्लड सैंपल पहुंच गया था. वहीं, 148 नये मरीजों के आने की सूचना मिली थी, जो देर शाम पहुंच गया.
माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग की मशीन पर बढ़ा लोड
रिम्स के माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग में अचानक चिकनगुनिया व डेंगू मरीजों की जांच के सैंपल का लोड बढ़ गया है. सूत्रों की मानें, ताे विभाग में इक्का-दुक्का मरीजों की जांच होती थी, लेकिन अभी प्रतिदिन 100 से ज्यादा मरीजाें की जांच हो रही है.
मेडाल ने कहा डेंगू, लेकिन रिम्स की रिपोर्ट में निगेटिव
रिम्स में स्थित निजी जांच एजेंसी मेडाॅल ने एक मरीज काे डेंगू पॉजिटिव बताया था. जब परिजनों ने रिम्स के माइक्रोबॉयाेलॉजी विभाग में जांच की, तो रिपोर्ट निगेटिव आयी. सिस्टर इंचार्ज ने रिम्स अधीक्षक को इसकी जानकारी दी है.
52 लोगों का ब्लड सैंपल लिया गया
रांची : सदर अस्पताल की टीम ने बुधवार को हिंदपीढ़ी के मदरसा तहरीन गली में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया. इसमें 150 रोगियों काे परामर्श दिया गया. जबकि, 52 लोगों का ब्लड सैंपल लिया गया.
वहीं, पूर्व में लिए गये 91 लोगों का रिपोर्ट वितरित किया गया. शिविर में डॉ रेणूकांत, डॉ ज्योत्सना सिन्हा, रिंकी तिग्गा, कांता बरवा, रंजू कुमारी, मधु कुमारी, उर्मिला कुमारी आदि शामिल थीं. वहीं, केबी एकेडमी स्कूल के डॉ राजीव भूषण, डॉ असलम परवेज, सयैद तबरेज व लहू बोलेगा टीम से नदीम खान, डॉ असलम परवेज, सरवर खान उपस्थित थे.
दवाओं का स्टॉक घटा, लोकल स्तर पर होगी खरीद
रांची : रिम्स में अचानक कुछ दवाआें का स्टॉक कम हो गया है. इस वजह से विभिन्न वार्डों की दवाओं की डिमांड से 10 से 15 प्रतिशत की कटौती की जा रही है. सिस्टर इंचार्ज को कहा जा रहा है कि तत्काल अपने स्टॉक से काम चलाये, दवाएं रास्ते में हैं.
एक-दो दिन में पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध हो जायेंगी. हालांकि, रिम्स निदेशक ने मेडिकल अफसर स्टोर को स्पष्ट निर्देश दिया है कि आवश्यकता होने पर लोकल स्तर से दवाओं की खरीद की जाये. इधर, मेडिकल अफसर स्टोर का जिम्मा उपाधीक्षक डॉ संजय कुमार को दे दिया गया है.
