रांची : भारत सरकार द्वारा पासपोर्ट बनाने की प्रक्रिया को अत्यधिक सरल कर दिया गया है. 26 जून 2018 को एम पासपोर्ट सेवा मोबाइल ऐप की शुरुआत हुई थी.26 जुलाई 2018 तक अर्थात शुरुआत के एक महीने के भीतर ही इस एेप के माध्यम से कुल 78,468 आवेदन पत्र जमा कराये जा चुके हैं. राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार के एक प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री डॉ. वीके सिंह ने राज्यसभा में यह जानकारी दी है.
मंत्री ने बताया कि एम पासपोर्ट सेवा आवेदन प्रक्रिया में अत्याधुनिक सुरक्षा फीचर्स मौजूद हैं और अभी तक मंत्रालय को इस एेप के प्रयोग के संबंध में उपयोग करने वालों से कोई सुझाव अथवा शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. श्री पोद्दार ने कहा कि कहा कि अब एम पासपोर्ट सेवा एेप के माध्यम से लोग देश के किसी भी हिस्से से पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकते हैं. पुलिस वेरिफिकेशन ऐप पर दिये गये पते पर ही किया जायेगा.
हालांकि उन्होंने माना कि झारखंड के लोगों में अभी भी इस महत्वपूर्ण मोबाइल एेप के प्रति जागरूकता का अभाव है. सदन में सरकार द्वारा दिये गये जवाब में बताया गया कि नयी एम पासपोर्ट सेवा एेप के जारी होने के बाद शुरुआती एक महीने में यानी 26 जुलाई 2018 तक झारखंड के अपने राज्य से बाहर रहनेवाले छह आवेदकों ने ही एम पासपोर्ट सेवा एेप के माध्यम से पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है.
