रांची : रातू रोड इंद्रपुरी निवासी अभिषेक कुमार झा ने रविवार को कोतवाली थाना में अपहरण कर मारपीट करने के आरोप में शिकायत की है. शिकायत में घटना को अंजाम देने का आरोप अमन, नसीम, दानिश विक्की, कासिफ, सकरान अहमद, सबीर, जैद उर्फ जेडी, सौम और सैफ पर है. सभी खेत मुहल्ला के रहने वाले हैं. शिकायत के अनुसार घटना शनिवार की शाम करीब 6.30 बजे की है.
क्या है मामला : मिली जानकारी के मुताबिक अभिषेक झा अपने दोस्त सौरभ सिन्हा के साथ मारवाड़ी वीमेंस कॉलेज के आगे एक होटल के पास कुछ खाने के लिए रुका था. इसी दौरान उक्त आरोपी वहां पहुंच गये और दोनों युवकों को कार में बैठा कर मारवाड़ी ब्वॉयज कॉलेज के पीछे मैदान में ले गये. वहां मारपीट करने के बाद अभिषेक झा को सोमाबाड़ी ले गये और वहां भी मारपीट की. बात यहीं खत्म नहीं हो गयी.
इसके बाद कार सवार आरोपी अभिषेक को लेकर डोरंडा स्थित रसिकलाल होटल के पास पहुंचे. वहां भी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और इसका वीडियो बनाया. अभिषेक झा ने बताया कि आरोपियों का कहना था कि तुम लोग मेरे भाई को मारने आये हो. इसलिए हम तुम्हें नहीं छोड़ेंगे. देर रात आरोपियों ने मारपीट के बाद उसे और उसे दोस्त को छोड़ दिया. साथ ही यह भी धमकी दी कि अगर पुलिस से शिकायत करोगे तो जो वीडियो तैयार किया है, वह सबको दिखा देंगे.
अभिषेक ने यह भी बताया कि आरोपियों में से एक का छोटा भाई उसकी बहन के साथ छेड़खानी करता था. इसे लेकर उसने पूर्व में सुखदेवनगर थाना में शिकायत की थी. तब पुलिस ने एक युवक को पकड़ कर समझाने के बाद बांड भरवाने के बाद छोड़ दिया था. अभिषेक का कहना है कि आरोपियों ने उसी शिकायत का ही बदला लिया है.
