रांची : झारखंड चेंबर ने उप महापौर संजीव विजयवर्गीय से शिकायत की थी कि पंडरा बाजार में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है. शिकायत को संज्ञान में लेते हुए उप महापौर ने झारखंड चेंबर के सदस्यों के साथ गुरुवार को पंडरा बाजार परिसर का दौरा किया.
इस दौरान उप माहपौर ने पाया की बाजार समिति की सड़कों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है. नालियों से गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं है.
बाजार परिसर में मच्छरों का प्रकोप है. बिजली खंभों में बिजली उपलब्ध नहीं है. पेयजल की अनुपलब्धता है. आलू-प्याज से निकलनेवाले गंदगी के निष्पादन की कोई व्यवस्था नहीं है. शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं हैं. इसी प्रकार बाजार परिसर के मुख्य द्वार पर दरवाजे नहीं है. बाउंड्री भी टूटी हुई है.
डिप्टी मेयर ने एसडीओ से की बात : झारखंड चेंबर के अध्यक्ष रंजीत गाड़ोदिया ने कहा कि मौके पर ही उप महापौर संजीव विजयवर्गीय ने एसडीओ अंजली यादव से बात की और मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने की बात कही. इस पर एसडीओ ने बताया कि एक सप्ताह में रांची नगर निगम के माध्यम से बाजार परिसर में दो सुलभ शौचालय के निर्माण के लिए एनओसी दे दिया गया है.
मौके पर झारखंड चेंबर के कार्यकारिणी सदस्य दीपक मारू, नागरिक सुविधा उप समिति के चेयरमैन विकास विजयवर्गीय, रोहित पोद्दार, रांची चेंबर के अध्यक्ष शंभू गुप्ता, संजय माहुरी, आलू-प्याज थोक विक्रेता संघ के अध्यक्ष रामलखन साहू सहित कई व्यापारी उपस्थित थे.
