रंजीत प्रसाद बननेवाले हैं डीआइजी से आइजी, फिर भी लिया जा रहा एसपी का काम
रांची : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में इन दिनों एसपी रैंक के अफसरों की कमी होने के कारण डीआइजी रैंक के अधिकारी से एसपी का काम कराया जा रहा है. डीआइजी को एसपी के काम की जिम्मेवारी एसीबी के एडीजी मुरारी लाल मीणा ने सौंपी है. एसीबी में वर्तमान में डीआइजी रैंक में रंजीत प्रसाद और असीम विक्रांत मिंज की पोस्टिंग की है. रंजीत प्रसाद सीनियर डीआइजी हैं. उन्हें जल्द ही आइजी रैंक में प्रोन्नति मिलनेवाली है. इसके बावजूद उन्हें एसपी का काम करना पड़ रहा है.
जानकारी के अनुसार सीनियर आइपीएस अधिकारी असीम विक्रांत मिंज के पास एसीबी रांची प्रमंडल के एसपी की जिम्मेवारी है. इसके अलावा वह मुख्यालय एसपी का भी आधा काम देखते हैं. वहीं दूसरी ओर रंजीत प्रसाद के पास स्पेशल सेल के एसपी की जिम्मेवारी के अलावा एसपी मुख्यालय के काम की आधी जिम्मेवारी है.
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार डीआइजी का काम एसपी के कार्यों की समीक्षा करना है, न कि एसपी रैंक के अफसर का काम करना. इसके अलावा सौंपे गये कार्यों के अलावा दूसरे विभागीय काम करने हैं.
एक ओर जहां दोनों डीआइजी के बीच छह प्रमंडल के काम बंटे हैं. वहीं दोनों एसपी के रूप में भी काम कर रहे हैं. उल्लेखनीय है कि एसीबी में एसपी रैंक के अफसरों के आठ पद हैं, जिसमें प्रमंडल के एसपी भी शामिल हैं. लेकिन वर्तमान में एसीबी के पास एसपी रैंक के तीन ही अफसर हैं.
