भूमि अधिग्रहण कानून पर विपक्ष के हंगामे के कारण झारखंड विस की कार्यवाही स्थगित

रांची : झारखंड विधानसभा में मानसून सत्र के दूसरे दिन आज मुख्य विपक्षी झारखंड मुक्ति मोर्चा समेत कांग्रेस, झारखंड विकास मोर्चा और अन्य विपक्षी दलों ने भूमि अधिग्रहण कानून के खिलाफ हंगामा किया जिसके चलते सदन की कार्यवाही दोपहर साढ़े बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी, विधानसभा की कार्यवाही ग्यारह बजे प्रारंभ […]

रांची : झारखंड विधानसभा में मानसून सत्र के दूसरे दिन आज मुख्य विपक्षी झारखंड मुक्ति मोर्चा समेत कांग्रेस, झारखंड विकास मोर्चा और अन्य विपक्षी दलों ने भूमि अधिग्रहण कानून के खिलाफ हंगामा किया जिसके चलते सदन की कार्यवाही दोपहर साढ़े बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी, विधानसभा की कार्यवाही ग्यारह बजे प्रारंभ होते ही झामुमो के नेता हेमंत सोरेन ने सरकार से भूमि अधिग्रहण कानून को वापस लेने की मांग की.

उनके समर्थन में झारखंड विकास मोर्चा के प्रदीप यादव और कांग्रेस के आलमगीर आलम भी खड़े हुए. विपक्षी विधायकों ने भूमि अधिग्रहण कानून वापस न होने तक सदन की कार्यवाही न चलने देने की बात कही. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस कानून को बिना चर्चा के जबरन पारित करा लिया था लिहाजा कानून को वापस लेकर नये सिरे से संशोधित विधेयक सदन में लाया जाना चाहिए और उसे उचित ढंग से चर्चा करा कर ही सदन से पारित कराया जाना चाहिए. विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने विपक्षी सदस्यों से सदन की कार्यवाही चलने देने का आग्रह किया.

संसदीय कार्य मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने भी विपक्ष से अपील की और कहा कि आम जनता से जुड़े मुद्दों पर प्रश्नकाल चलने दें. विपक्षी सदस्यों ने हंगामा जारी रखा और अपनी मांगों के साथ अध्यक्ष के आसन के समक्ष आ गये. हंगामा न थमते देख अध्यक्ष दिनेश उरांव ने सदन की कार्यवाही दोपहर साढ़े बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी. आज विधानसभा की कार्यवाही में वर्तमान वित्तीय वर्ष का प्रथम अनुपूरक बजट पेश किया जाना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >