रांची : ग्रास रूट तक सरकार के फैसले को पहुंचाना भाजपा की चुनौती

रांची : भूमि अधिग्रहण बिल को लेकर फिलहाल झारखंड की राजनीति गर्म है. इस फैसले को लेकर सरकार व भाजपा विपक्षी दलों के निशाने पर है. दूसरी तरफ, धर्मांतरण बिल को लेकर भी एक वर्ग खुल कर सरकार के विरोध में खड़ा है. विपक्षी दल एकजुट होकर लगातार सरकार के फैसले को जनविरोधी करार देने […]

रांची : भूमि अधिग्रहण बिल को लेकर फिलहाल झारखंड की राजनीति गर्म है. इस फैसले को लेकर सरकार व भाजपा विपक्षी दलों के निशाने पर है. दूसरी तरफ, धर्मांतरण बिल को लेकर भी एक वर्ग खुल कर सरकार के विरोध में खड़ा है. विपक्षी दल एकजुट होकर लगातार सरकार के फैसले को जनविरोधी करार देने में जुटे हैं.
ऐसे समय में सरकार के इस फैसले को ग्रास रूट तक पहुंचाना और लोगों को इसके बारे में सही जानकारी देना वर्तमान में भाजपा की सबसे बड़ी चुनौती है. हालांकि लोगों को समझाने के लिए सरकार की ओर से प्रयास किये जा रहे हैं, लेकिन संगठन के प्रयास के बिना सरकार को लक्ष्य हासिल करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
मालूम हो कि पहले भी एक कानून के संशोधन को लेकर सरकार की ओर से फैसला लिया गया था. इसको लेकर दो-तीन माह तक सरकार व भाजपा को विपक्षी दलों का विरोध झेलना पड़ा. इसके बाद सरकार को अपना फैसला वापस लेना पड़ा था. पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी समय-समय पर सरकार व संगठन के समन्वय को लेकर सवाल उठाते रहे हैं. आदिवासी समाज के असंतुष्ट रहने की बात भी कही है.
इनसे संवाद स्थापित करने का सुझाव भी दिया है. इन सुझावों पर संगठन की ओर से सकारात्मक पहल नहीं दिखायी पड़ रही है. यही वजह है कि अमित शाह के रांची प्रवास के दौरान आदिवासी बुद्धिजीवियों के साथ विचार-विमर्श का कार्यक्रम तय किया गया है.
श्री शाह आदिवासी समाज के लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को जानने का प्रयास करेंगे. इसके बाद पार्टी की ओर से रणनीति बना कर काम किया जायेगा, ताकि लोकसभा चुनाव में इस वर्ग का साथ पार्टी को मिल सके.
अमित शाह को लेकर एयरपोर्ट पर बढ़ी सुरक्षा
रांची : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बुधवार को दिन के दस बजे रांची आयेंगे़. उनके आगमन को लेकर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है. एयरपोर्ट पर मेटल डिटेक्टर व श्वान दस्ता के माध्यम से जांच भी की जा रही है ताकि कहीं कोई चूक न रह जाये. वहीं यात्रियों को भी कोई परेशानी न हो इसके लिए भी विशेष व्यवस्था की गयी है.
सुरक्षा में तैनात रहेंगे सात सौ जवान व अफसर
रांची़ : शाह की सुरक्षा को लेकर एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल पर छह सौ जवान व एक सौ अफसर तैनात रहेंगे. कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा मंगलवार रात से बढ़ा दी गयी है. देर रात तक दो व चार पहिया वाहन चालकों की तलाशी ली गयी. सबसे अधिक सुरक्षा बिरसा चौक पर रहेगी. माल्यार्पण के दौरान बिरसा चौक की ओर आने वाले वाहनों को कुछ देर के लिए रोक दिया जायेगा़
शाह का स्वागत करेंगे भाजयुमो कार्यकर्ता
रांची. प्रदेश भाजयुमो की ओर से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर स्वागत किया जायेगा. अमित शाह के काफिले के आगे युवा मोर्चा द्वारा 2000 मोटर साइकल से अगुवाई की जायेगी. एयरपोर्ट से प्रदेश कार्यालय तक युवा मोर्चा के कार्यकर्ता जुलूस के रूप में अगुवाई करेंगे. युवा मोर्चा द्वारा ढोल नगाड़ा, ताशा द्वारा शाह का स्वागत किया जायेगा. पुष्प वर्षा भी की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >