रांची : कोकर ग्रामीण और आरएमसीएच सब स्टेशन के जीर्णोद्धार का काम इस माह के अंत तक पूरा हो जायेगा. वहीं कोकर शहरी से कोकर ग्रामीण सब स्टेशन को जोड़ने का काम भी चल रहा है. यह सभी काम इस माह तक पूरे कर लिए जायेंगे.
विभाग के अधिकारी ने कहा कि सब कुछ सामान्य रहा, तो अगले महीने से संबंधित इलाकों को बेहतर बिजली मिलने लगेगी. वहीं, मोरहाबादी, चुटिया, नामकुम, कोकर शहरी में जीर्णोद्धार का काम पूरा कर लिया गया है. इसके अलावा 150 में से 90 ट्रांसफारमर लगाये जा चुके है. इनमें से अधिकतर ट्रांसफारमर चालू कर दिये गये हैं. वहीं, बंद पड़े ट्रांसफारमर को जल्द ही चालू कर दिया जायेगा. शेष ट्रांसफारमर को सितंबर तक लगा लिया जायेगा.
कोकर अरबन सब स्टेशन की क्षमता बढ़ी
कोकर अरबन सब स्टेशन की क्षमता बढ़ा दी गयी है. यहां 10 एमवीए का नया पावर ट्रांसफारमर लगाया है, जिससे यहां की क्षमता बढ़कर 25 मेगावाट की हो गयी है. जरूरत पड़ने पर यहां से दूसरे सब स्टेशन को भी बिजली दी जायेगी. इन सभी कार्यों के पूरा हो जाने के बाद कोकर से लेकर बूटी मोड़, मेडिकल कॉलोनी से लेकर रिम्स तक, चुटिया से लेकर कांटाटोली तक, कोकर से लेकर लालपुर व सरर्कुलर रोड सहित अन्य संबंधित इलाके के उपभोक्ता को काफी राहत मिलेगी.
