एड्स कंट्रोल सोसाइटी का सम्मान समारोह. स्वास्थ्य सचिव निधि खरे ने कहा
रांची : स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव निधि खरे ने कहा कि राज्य में छह ब्लड बैंक की सुविधा शुरू करने की योजना है. ताकि, जो लोग खून के लिए अस्पताल आयें, उन्हें सुगमता से खून मिल जाये. उन्होंने कहा कि ध्यान रहे कि किसी भी मरीज को संक्रमित खून न मिले. श्रीमती खरे रिम्स के नाइटिंगल ऑडिटोरियम में गुरुवार को झारखंड एड्स कंट्रोल सोसाइटी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थीं.
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है. जिस तरह से सामाजिक संगठन और शिक्षण संस्थान स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आ रहे हैं, उसी तरह युवाओं को भी आगे आना होगा. रक्तदाता जिस प्रकार से रुचि दिखा रहे हैं, उसके दूरगामी परिणाम देखने को मिलेंगे.
जिन्होंने रक्तदान किया है, वे समाज के आमलोग हैं. श्रीमती खरे ने कहा कि रक्तदान कर और लोगों को जागरूक करने का काम किया है.
यह खुशी की बात है कि इस कार्यक्रम में सबसे अधिक रक्तदान करने वाले शामिल हुए हैं. जमशेदपुर में भी लोगों में रक्तदान के प्रति रुचि दिखती है. इस मौके पर सीआरपीएफ के डीआइजी आरएस राठौर व झारखंड एड्स कंट्रोल सोसाइटी की अभियान निदेशक शुभ्रा वर्मा ने भी अपने विचार रखे. बंगाली एसोसिएशन की ओर से प्रदीप, वनवासी कल्याण केंद्र की ओर से रामनाथ सिंह, एजी ऑफिस की ओर से विनय गांगुली, रांची वीमेंस कॉलेज की ओर से रत्ना सिंह, डोरंडा कॉलेज की अोर से गुलाम मुस्तफा, संत जेवियर्स कॉलेज की ओर से डॉ कमल बोस, एक्सआइएसएस कॉलेज रोट्रैक्ट क्लब की ओर से राहुल पांडेय आदि ने सम्मान प्राप्त किया. सभी लोगों को स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव निधि खरे व रिम्स निदेशक डॉ आरके श्रीवास्तव व सीआरपीएफ के डीआइजी आरएस राठौर ने सम्मानित किया.
जिन्हें सम्मान मिला
टाटा मोटर्स-7200 यूनिट, आइआरसीएस-851, बंगाली एसोसिएशन चक्रधरपुर-313, झारखंड जगुआर टेंडर ग्राम-51, सीआरपीएफ कोबरा बटालियन 209-50, सदर अस्पताल-25, जुडिशियल एकेडमी-25, रांची वीमेंस कॉलेज-74, डोरंडा कॉलेज- 68, संत जेवियर्स कॉलेज एनएसएस-92, संत जेवियर्स कॉलेज रोट्रैक्ट क्लब रांची- 92, बीआइटी मेसरा-60, सिल्ली कॉलेज-53, जेएसपीएल पतरातू-152, गुरुनानक स्कूल- 117 के अलावा अन्य संगठन, शैक्षणिक संस्थान व औद्योगिक घराने शामिल हैं.
