रांची दंपती की हत्या का खुलासा :पहले झाड़-फूंक करवाया, ठीक नहीं होने पर डायन- बिसाही का आरोप लगा कर दी हत्या

आरोपी गांव छोड़ भागे, पुलिस कर रही है कैंप रांची : नामकुम थाना क्षेत्र के सुकरीडीह गांव में पति-पत्नी की हत्या का खुलासा होने के बाद शुक्रवार को नामकुम पुलिस जांच करने पहुंची. पता चला कि गांव के हिंदू मुंडा ने अपने तीन वर्षीय बेटे की तबीयत खराब होने पर लोहर सिंह मुंडा से झाड़-फूंक […]

आरोपी गांव छोड़ भागे, पुलिस कर रही है कैंप
रांची : नामकुम थाना क्षेत्र के सुकरीडीह गांव में पति-पत्नी की हत्या का खुलासा होने के बाद शुक्रवार को नामकुम पुलिस जांच करने पहुंची. पता चला कि गांव के हिंदू मुंडा ने अपने तीन वर्षीय बेटे की तबीयत खराब होने पर लोहर सिंह मुंडा से झाड़-फूंक करायी थी.
क्योंकि वह गांव में ओझा-गुणी का काम करता था. इसी बीच उसके बेटे की मौत हो गयी. जिसके बाद लोहर और उसकी पत्नी कैरो देवी पर डायन-बिसाही का आरोप लगा कर दो मई की रात दोनों की हत्या कर दी. इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए गांव से एक किलोमीटर दूर जंगल में दोनों के शव को दफना दिया गया था.
मालूम हो कि गुरुवार को दोपहर तीन बजे पुलिस ने दंपती के शव को बरामद किया था. साथ ही इस घटना में मृतक के बेटे के बयान पर आनंद मुंडा, हिंदू मुंडा, सनिका मुंडा, लुगा मुंडा, सागर मुंडा, सागर मुंडा, लोहरा सिंह मुंडा, डिंबा मुंडा, राहडी मुंडा, मंगरा मुंडा, मोंगोल मुंडा, हर सिंह मुंडा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
जांच में क्या पता चला : पुलिस के अनुसार जांच में यह बात सामने आयी है कि गांव में किसी व्यक्ति के बीमार होने पर उसे किसी ओझा-गुणी के पास झाड़- फूंक के लिए ले जाया जाता है, तब ओझा गांव की किसी महिला की पहचान डायन के रूप में करता है. और तबीयत खराब होने के पीछे डायन का हाथ होने की बात कहता है. इसके बाद ग्रामीण कथित महिला की हत्या डायन-बिसाही के आरोप में कर देते हैं.
लेकिन सुकरीडीह में हुई दंपती की हत्या में ऐसा नहीं हुआ. क्याेंकि लोहर सिंह मुंडा गांव का प्रसिद्ध ओझा था. उसे इस काम में उसकी पत्नी भी सहयोग करती थी. इसलिए हिंदू मुंडा ने अपने बेटे का इलाज लोहर से कराया, लेकिन जब उसकी मौत हो गयी तो हिंदू ने ग्रामीणों के सहयोग से लोहर व कैरो पर डायन-बिसाही का आरोप लगा कर दोनों की हत्या कर दी.
घर छोड़ कर भागे हुए हैं आराेपी : इधर, ग्रामीण एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है, उनकी तलाश में छापेमारी हो रही है. क्याेंकि सभी गांव छोड़ कर भागे हुए हैं. जांच के दौरान कुछ घरों में ताला लटका मिला. आरोपी किसी रिश्तेदार के घर तो नहीं छिपे हैं. यह पता लगाने के लिए पुलिस दूसरे इलाके मेें भी छापेमारी कर रही है. साथ ही पुलिस की एक टीम गांव में कैंप भी कर रही है.
सुकरीडीह में पसरा है सन्नाटा
इधर, शुक्रवार को लोहर सिंह मुंडा और कैरो देवी का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को शव सौंप दिया गया. इसके बाद पुलिस और आसपास के गांव के लाेगों की मौजूदगी में दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया.
सुकरीडीह में सन्नाटा पसरा होने के कारण गांव का एक भी व्यक्ति शव को दफनाते वक्त मौजूद नहीं था. बताया जाता है कि गांव में एक दो घरों को छोड़ कर सभी बंद हैं तथा ग्रामीण फरार हैं. इस बीच कुछ लोग गांव में लौटे भी थे, मगर घटना की जानकारी होने के बाद वे लोग भी चले गये.
महिला आयोग की टीम पहुंची नामकुम
सुकरीडीह गांव में हुई घटना की जानकारी लेने के लिए शुक्रवार को राज्य महिला आयोग की टीम गांव पहुंची़ अायोग की अध्यक्ष कल्याणी शरण समेत अन्य सदस्यों ने पूछताछ करने के बाद नामकुम थाना प्रभारी को आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है़ आयोग के अवर सचिव सीएस झा ने बताया कि मामले का मुख्य आरोपी आनंद मुंडा है़, जो फरार है़ श्री झा ने बताया कि आयोग मामले को लेकर डीजीपी एवं एसपी को पत्र भेजेगा़ इस तरह की घटना को लेकर आयोग गंभीर है़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >