रांची/कांके : कांके थाना क्षेत्र के बुकरू चौक के समीप जमीन की चहारदीवारी कराने गये चावल व्यवसायी मनोज कुमार साहू उर्फ मंटू (42 वर्ष) की मंगलवार शाम पत्थर से कूच कर हत्या कर दी गयी़
वह अपर बाजार के गोशाला चौक के रहनेवाले थे. मृतक के भाई संतोष कुमार के बयान पर कांके थाना में बुकरू निवासी मोहन उरांव, शनिचरवा उरांव, पंडरा निवासी बबलू, कांके रोड निवासी रंजन भोगला समेत चार-पांच अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. मनोज ने 25 मार्च को ही कांके थाना क्षेत्र में सनहा दर्ज करा पुलिस से सुरक्षा मांगी थी. जिन लोगों से खतरा था, उनके नाम भी बताये थे.
भाई संतोष ने बताया कि कांके थाना क्षेत्र के बुकरू में अपनी 20 डिसमिल (राजधानी ढाबा के पास) जमीन पर मनोज चहारदीवारी कराने गये थे. इसी दौरान हरवे-हथियार से लैस उक्त लोग वहां पहुंचे और ईंट-पत्थर से मनोज पर हमला कर दिया.
घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. हत्या करने के बाद आरोपियों ने कहा कि अभी एक ही भाई की हत्या हुई है. चार लाख रंगदारी देने पर ही जमीन पर कब्जा करने देंगे. वर्ना उसका भी अंजाम ऐसा ही होगा.
घटना के बाद सदल-बल पहुंचे इंस्पेक्टर राजीव रंजन उन्हें रिम्स ले गये, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनका अंतिम संस्कार बुधवार को हरमू मुक्तिधाम में होगा. मनोज साहू के दो बच्चे हैं.
इधर घटना की जानकारी मिलते ही अपर बाजार में शोक की लहर दौड़ गयी़ गोशाला चौक स्थित मनोज कुमार साहू के आवास पर व्यवसायी, रिश्तेदार और दोस्त जुट गये थे़ श्री साहू का गोशाला चौक पर पार्वती भंडार तथा पंडरा कृषि बाजार में चावल का थोक व्यवसाय है़ इधर, हत्या के विरोध में रांची चेंबर ने बुधवार को अपर बाजार स्थित खाद्यान्न मार्केट , पंडरा में आलू-प्याज मंडी बंद करने की घोषणा की है.
भाई ने बताया
हत्या के बाद आरोपियों ने दी धमकी – अभी एक ही भाई की हत्या हुई है. चार लाख रंगदारी देने पर ही जमीन पर कब्जा करने देंगे. वर्ना दूसरे भाइयों का भी अंजाम ऐसा ही होगा.
एक माह पहले हुआ था कुछ लोगों से विवाद, पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया
एक माह पहले जब मनोज साहू बुकरू में स्थित अपनी जमीन पर चहारदीवारी कराने गये थे तो कुछ लोगों से विवाद हुआ था़ 25 मार्च को उन्होंने कांके थाना में सनहा दर्ज कराया था और सुरक्षा की मांग की थी़ पर कांके पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया.
अपर बाजार में शोक की लहर रांची चेंबर ने जताया विरोध
24 घंटे में नामजद
आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो करायेंगे रांची बंद : झारखंड चेंबर
