रांची: जिले के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले नि:शक्त बच्चों के लिए तीन दिवसीय आवासीय समर कैंप का आयोजन किया गया. जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित समर कैंप में लगभग 500 बच्चों ने भाग लिया. डायट रातू में तीन दिनों तक चले कैंप में बच्चों के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कैंप में बच्चों के स्वास्थ्य की जांच भी की गयी.
यह कैंप गुरुवार को संपन्न हो गया. समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधीक्षक जयंत कुमार मिश्र उपस्थित थे. कैंप के आयोजन में दीपशिखा, टाटा स्पोर्ट्स व पारा ओलंपिक संघ ने सहयोग दिया.
डीएसइ ने कराया नामांकन
समर कैंप में रातू टिकराटोली की छात्र रेखा कुमारी भी भाग लेने आयी थी. रेखा ने इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा प्रथम श्रेणी में पास की है. आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह आगे की पढ़ाई करने की स्थिति में नहीं थी. जिला शिक्षा अधीक्षक ने तत्काल उसके नामांकन के निर्देश दिये. डीएसइ की पहल पर रेखा का नामांकन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कराया गया. अब वह इंटरमीडिएट में इसी विद्यालय में पढ़ाई करेगी.
