रांची : रांची में आड्रे हाउस चौक पर पत्थलगड़ी करने जा रहे झारखंड लोकतांत्रिक छात्र मोर्चा और अन्य आदिवासी मूलवासी संगठनाें के महिला-पुरुष व बच्चे को पुलिस ने कचहरी चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया. सभी को शाम छह बजे तक खेल गांव के प्रशासनिक भवन स्थित कैंप जेल में रखा गया. झारखंड लोकतांत्रिक छात्र मोर्चा के अध्यक्ष देवी दयाल मुंडा ने बताया : पत्थलगड़ी महाराजा मदरा मुंडा की प्रतिमा स्थापन से संबंधित है. पत्थलगड़ी आड्रे हाउस चौक पर की जानी है.
देवी दयाल मुंडा कर रहे थे नेतृत्व
पल्थलगड़ी करने से पहले देवी दयाल मुंडा के नेतृत्व में मोरहाबादी के सरैयाटांड़ से एक रैली निकाली गयी. रैली जैसे ही कचहरी चौक के पास पहुंची डीएसपी भोला प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रैली को रोक दिया.
रैली में सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे थे. पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया. देवी दयाल मुंडा और झारखंड लोकतांत्रिक छात्र मोर्चा के सभापति श्याम बिहारी प्रजापति ने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार नहीं चाहती है कि राज्य के चौक-चौराहों पर महापुरुषों की प्रतिमा लगे. हम ऐसे संगठन व सरकार का विरोध करते हैं, जो मूलवासी व आदिवासीविरोधी है.
