लोहरदगा से गोपी कृष्ण की रिपोर्ट
Ranchi Lohardaga Train: लंबे इंतजार के बाद रांची–लोहरदगा–टोरी रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू हो गया है. करीब तीन महीने से बंद पड़ी इस महत्वपूर्ण रेल सेवा के बहाल होने से यात्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई है. स्थानीय लोगों ने राहत की सांस लेते हुए इसे बड़ी सुविधा बताया है.
पुल में खराबी बनी थी सेवा बाधित होने की वजह
दरअसल, 4 जनवरी को लोहरदगा स्थित कोयल नदी पर बने रेलवे पुल के एक पिलर में तकनीकी खराबी आ गई थी. इसके कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने लोहरदगा तक ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया था. यह रेलखंड रांची रेल मंडल के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जिस पर रोजाना हजारों यात्रियों की आवाजाही होती है. सेवा ठप होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था.
समय से पहले पूरा हुआ मरम्मत कार्य
रांची रेल मंडल की डीआरएम करूणा निधि सिंह ने पुल का निरीक्षण करते हुए बताया कि रेलवे ने 31 मार्च तक मरम्मत कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा था. लेकिन इंजीनियरों और कर्मचारियों की मेहनत से काम निर्धारित समय से पहले ही पूरा कर लिया गया. मरम्मत के बाद सुरक्षा मानकों की पूरी जांच की गई, जिसके बाद ट्रेनों के परिचालन को हरी झंडी दी गई. इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है.
चार जनवरी से बाधित था परिचालन
रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड के नागजुआ और लोहरदगा स्टेशन के बीच स्थित पुल संख्या 115 के पिलर संख्या चार और पांच में दरार आने के कारण चार जनवरी से परिचालन प्रभावित था. फिलहाल ट्रेनें केवल ईरगांव स्टेशन तक ही चल रही थीं, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही थी. पुल पर अस्थायी रूप से स्टील गार्डर लगाया गया है और तीन महीने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है.
अब सभी ट्रेनें सामान्य रूप से चलेंगी
डीआरएम ने जानकारी दी कि इस रेलखंड पर पहले की तरह सभी ट्रेनें फिर से चलेंगी. खास बात यह है कि आनंद विहार (दिल्ली) तक जाने वाली ट्रेन का परिचालन भी लोहरदगा मार्ग से दोबारा शुरू किया जा रहा है. इससे यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक सफर मिलेगा, खासकर उन लोगों को जो लंबे समय से इस सेवा के पुनः शुरू होने का इंतजार कर रहे थे.
अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन का हुआ कायाकल्प
लोहरदगा रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है. स्टेशन के सुंदरीकरण का कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा. नए स्वरूप में स्टेशन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा, जिससे यात्रा अनुभव और भी आरामदायक होगा.
यात्रियों को दी गई सुरक्षा की पूरी गारंटी
डीआरएम करूणा निधि सिंह ने यात्रियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अब इस रेलखंड पर परिचालन पूरी तरह सुरक्षित है. रेलवे ने सभी जरूरी तकनीकी जांच पूरी कर ली है और भविष्य में किसी प्रकार की बाधा की संभावना नहीं है. उन्होंने यात्रियों से निर्भीक होकर इस मार्ग से यात्रा करने की अपील की.
तय समय पर चलेंगी ये ट्रेनें
- नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस (12454)
- रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12453)
- चोपन-रांची एक्सप्रेस (18632)
- रांची–चोपन एक्सप्रेस (18631)
- सासाराम–रांची एक्सप्रेस(18636)
- रांची–सासाराम एक्सप्रेस (18635)
- सांतरागाछी–अजमेर एक्सप्रेस (08611)
- रांची–लोहरदगा मेमू (68017)
- लोहरदगा–रांची मेमू (68018)
- रांची–टोरी मेमू (68027)
- टोरी–रांची मेमू (68028)
- रांची–लोहरदगा मेमू (68039)
- लोहरदगा–रांची मेमू (68040)
- रांची–लोहरदगा मेमू (68037)
- लोहरदगा–रांची मेमू (68038)
इसे भी पढ़ें: बिहार से चलने वाली समर स्पेशल ट्रेनों की बढ़ी परिचालन अवधि, अब जून तक चलेगी
ये ट्रेन हो जाएगी बंद
इसके साथ ही, लोहरदगा–टोरी–लोहरदगा पैसेंजर स्पेशल (08111/08112/08113/08114) का परिचालन 28 मार्च से बंद कर दिया गया है. यात्रियों की सुविधा के लिए इरगांव तक ही चलनेवाली ट्रेनों के यात्रियों के लिए इरगांव–लोहरदगा–इरगांव के बीच निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई गई थी. इस बस के यात्रियों की सुविधा के लिए 28 मार्च को भी जारी रहेगी, 29 मार्च से इसे बंद कर दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: 31 मार्च के बाद खत्म हो रहे झारखंड से चलने वाली कई स्पेशल ट्रेनों के फेरे, विस्तार का इंतजार
