रामगढ़. जेपी केंद्रीय कारा हजारीबाग में सजायफ्ता पतरातू निवासी पांडेय गिरोह के सरगना गैंगस्टर विकास तिवारी को लातेहार पुलिस ने रिमांड पर लिया है. रविवार को हजारीबाग जेल से लातेहार पुलिस उससे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गयी है. विकास तिवारी का एक मामला लातेहार सीजेएम कोर्ट में चल रहा है. जानकारी के अनुसार, इसी मामले में रामगढ़ जेल में बंद गोविंद राय को भी पुलिस ने रिमांड पर लिया है. जेल प्रशासन के अनुसार, लातेहार पुलिस विकास तिवारी से 72 घंटे तक पूछताछ कर वापस जेपी केंद्रीय कारा पहुंचायेगी. हजारीबाग जेल में विकास तिवारी गैंगस्टर सुशील श्रीवास्तव हत्या मामले में सजा काट रहा है. सुशील श्रीवास्तव को उसने हजारीबाग कोर्ट परिसर में दो जून 2016 को गोलियों से भून दिया था. उल्लेखनीय है कि एक माह के अंदर विकास तिवारी की यह तीसरी रिमांड है. सबसे पहले एटीएस ने छह फरवरी को उसे रिमांड पर लिया था. इसके बाद भुरकुंडा ने 24 फरवरी को 48 घंटे के रिमांड पर लेकर विकास तिवारी से पूछताछ की थी. अब लातेहार पुलिस ने रविवार को उसे रिमांड पर लिया है. अपराध उन्मूलन के लिए बढ़ी पुलिस की सक्रियता : अपराध उन्मूलन के लिए डीजीपी अनुराग गुप्ता के दिशा-निर्देशों का असर दिखने लगा है. पुलिस अपराधियों की धर-पकड़ व एनकाउंटर तो कर ही रही है, अपराध के जड़ में भी पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. हाल के दिनों में रामगढ़ जिले के कुजू में पुलिस ने आलोक गैंग के सरगना आलोक तुरी उर्फ राहुल तुरी को एनकाउंटर में मार गिराया था. आपराधिक घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई के तहत रामगढ़ जिले में इस आपराधिक गिरोह से जुड़े दर्जनों लोगों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है. पकड़े गये अपराधियों से फीडबैक के आधार पर पुलिस के पास इस बात की पुख्ता सूचना है कि गैंगस्टर जेल से ही गिरोह को चला रहे हैं. यही कारण है कि जेल में बंद गैंगस्टर विकास तिवारी लगातार रिमांड पर लिया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
