पतरातू में स्टेट लेवल इंफ्लुएंसर मीट का आयोजन किया गया

रामगढ़ जिले के पतरातू स्थित पर्यटन परिसर सरोवर विहार में सोमवार को राज्य स्तरीय इंफ्लुएंसर मीट का आयोजन किया गया.

झारखंड पर्यटन को डिजिटल पहचान दिलाने पर जोर

पतरातू. रामगढ़ जिले के पतरातू स्थित पर्यटन परिसर सरोवर विहार में सोमवार को राज्य स्तरीय इंफ्लुएंसर मीट का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू, पर्यटन सचिव मुकेश कुमार, जेटीडीसी के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन, डिप्टी डायरेक्टर राजीव कुमार सिंह, रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

.झारखंड पर्यटन स्थलों से समृद्ध है, लेकिन इसकी डिजिटल पहचान सीमित : मंत्रीइस अवसर पर राज्यभर से आये डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और मीडिया प्रतिनिधियों ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अपने विचार साझा किये. मौके पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, जंगलों, झरनों और पर्यटन स्थलों से समृद्ध राज्य है, लेकिन इसकी डिजिटल पहचान अभी भी सीमित है. कोविड-19 के बाद पर्यटन का स्वरूप तेजी से बदला है और अब लोग किसी भी स्थान के बारे में जानकारी मुख्यतः डिजिटल प्लेटफॉर्म से ही प्राप्त करते हैं. ऐसे में स्थानीय कंटेंट क्रिएटर्स राज्य की वास्तविक तस्वीर देश और दुनिया तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार झारखंड के स्थानीय डिजिटल क्रिएटर्स को पर्यटन विभाग के साथ जोड़कर उन्हें स्टेकहोल्डर पार्टनर के रूप में विकसित करना चाहती है. उन्होंने कहा कि जब स्थानीय लोग अपनी भाषा और अनुभवों के साथ किसी पर्यटन स्थल को प्रस्तुत करेंगे तो उसकी विश्वसनीयता और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे. उन्होंने झारखंड को सेफेस्ट मॉनसून डेस्टिनेशन के रूप में प्रचारित करने की आवश्यकता पर बल दिया. मंत्री ने बताया कि राज्य में न तो लैंडस्लाइड की समस्या है और न ही पर्यटकों के फंसने जैसी स्थिति बनती है. मानसून के दौरान यहां के जंगल, झरने और डैम अपनी खूबसूरती के चरम पर होते हैं, जिसे डिजिटल माध्यम से देशभर तक पहुंचाना जरूरी है.

वर्ष 2019 की तुलना में पतरातू में पर्यटकों की संख्या तीन गुना बढ़ चुकी है.

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी मंत्री ने कहा कि झारखंड में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना है और राज्य सुरक्षित पर्यटन स्थल के रूप में अपनी पहचान बना सकता है. उन्होंने महिला कंटेंट क्रिएटर्स से भी अपने अनुभव साझा करने की अपील की. कार्यक्रम के दौरान पतरातू पर्यटन क्षेत्र के विकास को लेकर सवाल उठाये गये. इस पर मंत्री ने बताया कि वर्ष 2019 की तुलना में पतरातू में पर्यटकों की संख्या तीन गुना बढ़ चुकी है. आने वाले समय में कई नई योजनाएं धरातल पर दिखाई देंगी. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतरने में समय लगता है, लेकिन पतरातू को झारखंड के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है.

इंफ्लुएंसर प्रोग्राम को लेकर पूछे गये सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह योजना केवल बड़े सोशल मीडिया चेहरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पत्रकारों और स्थानीय डिजिटल क्रिएटर्स को भी इससे जोड़ा जाएगा. उन्होंने कहा कि बेहतर कंटेंट तैयार करने वालों को विभाग की ओर से आर्थिक सहयोग भी मिलेगा. कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने भी पर्यटन स्थलों के विकास, स्थानीय सहभागिता और सुविधाओं को लेकर अपने सुझाव रखे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH NATH

VIKASH NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >