रामगढ़ : एसपीएल-2 के फाइनल में खेला गया रोमांचक मैच, रॉयल चैलेंजर्स मार्केट ने जीता खिताब

Patratu News: रामगढ़ के पतरातू स्थित चिल्ड्रन पार्क में आयोजित एसपीएल-2 क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल मुकाबला संपन्न हुआ, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स मार्केट ने हेसला नाइट राइडर्स को हराकर खिताब अपने नाम किया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

अजय तिवारी की रिपोर्ट 

Patratu News: झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू कटिया पंच मंदिर स्थित चिल्ड्रन पार्क 31 मई रविवार को क्रिकेट प्रेमियों से खचाखच भरा रहा, जहां शारदा प्रीमियर लीग (एसपीएल) सीजन-2 का भव्य फाइनल मुकाबला खेला गया. पूरे टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों को रोमांचित करने वाली प्रतियोगिता का समापन भी बेहद उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ. फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स मार्केट और हेसला नाइट राइडर्स की टीमों के बीच खिताबी जंग हुई, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स मार्केट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया.

ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिल रहा मंच

समापन समारोह में मुख्य अतिथि बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया. आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया. इस अवसर पर विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें अवसर और सही मंच देने की है. उन्होंने कहा कि एसपीएल जैसे आयोजन युवाओं में खेल भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का भी पाठ पढ़ाते हैं. उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि आईपीएल की तर्ज पर स्थानीय स्तर पर क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना सराहनीय पहल है.

पहले बल्लेबाजी कर रॉयल चैलेंजर्स मार्केट ने बनाया चुनौतीपूर्ण स्कोर

फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स मार्केट की टीम ने निर्धारित ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 164 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. टीम के बल्लेबाज शुभम केसरी ने 32 रन और  आशुतोष कुमार ने 28 रन बनाकर पारी को मजबूती प्रदान की. दूसरी ओर हेसला नाइट राइडर्स के गेंदबाज वैभव ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में चार विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान किया.

लक्ष्य का पीछा करने में चूकी हेसला नाइट राइडर्स

165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हेसला नाइट राइडर्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. हालांकि दिव्या अग्रवाल ने 27 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभालने का प्रयास किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके. रॉयल चैलेंजर्स मार्केट के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए मैच पर पकड़ बनाए रखी. सनी कुमार ने तीन विकेट और आशुतोष कुमार ने दो विकेट लेकर विपक्षी टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. 

सनी कुमार बने फाइनल के सितारे

फाइनल मुकाबले में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले सनी कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया. उनके हरफनमौला प्रदर्शन ने टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई.

इन खिलाड़ियों को मिला व्यक्तिगत सम्मान

टूर्नामेंट के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. मैन ऑफ द मैच (फाइनल) सनी कुमार, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज  शशांक, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज अरसद अंसारी, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक आलोक टुडू, सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर दिव्य राउतरे, मैन ऑफ द सीरीज अरसद अंसारी.  

आयोजन समिति की मेहनत रंग लाई

एसपीएल सीजन-2 के सफल आयोजन में अध्यक्ष चंदन कुमार, सचिव विश्वजीत दत्ता, कोषाध्यक्ष राहुल रंजन, मनोज कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार सिंह, राजू कुमार, वीरेंद्र कुमार झा, जयप्रकाश प्रसाद, गोविंद प्रसाद, अजीत कुमार, अमित सिंह, रितिक चौधरी, अभिषेक कुमार, राकेश शर्मा, रणजीत तिवारी, अरुण कुमार, अश्वनी कुमार, राहुल प्रसाद सहित आयोजन समिति के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, दर्शकों और अतिथियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई थी. समापन समारोह में सूरज प्रसाद, मुखिया किशोर कुमार महतो, श्यामली महता, अनीता जैन, रानी देवी, भुवनेश्वर सिंह, बारिश खान, सुजीत पटेल, डॉ मनोज गुप्ता, सुरेश झा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और क्षेत्रवासी उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: गोड्डा : विश्वासखानी में शुद्ध पेयजल प्लांट की सौगात, ग्रामीणों में खुशी की लहर

यह भी पढ़ें: HDFC और SBI कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर उड़ाते थे पैसे, जामताड़ा से 3 साइबर अपराधी गिरफ्तारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya gupta

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Priya Gupta

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >