गोला: रामगढ़ जिले के गोला स्थित कालीनाथ चौक के समीप दो बाइकों की सीधी टक्कर में करीब आधा दर्जन स्कूली छात्र घायल हो गये. घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया.
बताया जाता है कि छात्र अलग-अलग दो बाइक पर सवार होकर जा रहे थे. इसी दौरान कालीनाथ चौक के पास दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गयी. हादसे में गोला निवासी निर्मल महतो, अभिजीत कुमार, आर्यन कुमार, सोनडीमरा निवासी प्रीतम करमाली, गोविंदपुर निवासी रोहन कुमार समेत एक अन्य छात्र घायल हो गया.
दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी. स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक इलाज किया.
फिलहाल हादसे में घायल छात्रों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आयी है. घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटायी जा रही है.
