नेमरा में वज्रपात से 26 मवेशियों की मौत, ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग

नेमरा में वज्रपात से 26 मवेशियों की मौत, ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग

गोला. मुख्यमंत्री के पैतृक गांव गोला के नेमरा गांव में मंगलवार को हुई तेज बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 26 मवेशियों की मौत हो गयी. घटना उस समय हुई, जब बारिश से बचने के लिए कई मवेशी पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी अचानक बिजली गिर गयी. मवेशियों की मौत से पशुपालक परिवारों को आर्थिक क्षति हुई है. बताया जाता है कि मंगलवार दोपहर मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गयी. बारिश से बचने के लिए गांव के कई मवेशी पेड़ के नीचे खड़े थे. इसी दौरान वज्रपात की चपेट में आने से मौके पर ही 26 मवेशियों की मौत हो गयी. घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़ कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी मवेशियों की जान जा चुकी थी. ग्रामीणों के अनुसार, मृत मवेशी गांव के अलग-अलग पशुपालकों के थे. इनमें नकुल बेसरा के तीन, जागरण सोरेन के दो, सहदेव किस्कू के दो, बिरजू सोरेन का एक, केशव टुडू के दो, विजय किस्कू के दो, उमेश किस्कू का एक, जीतराम मुर्मू का एक, बिगन टुडू के दो, महेंद्र टुडू के दो, मोहन किस्कू के दो, करमचंद टुडू के दो तथा मनसा किस्कू के दो मवेशी शामिल हैं. ग्रामीणों ने बताया कि अधिकांश परिवार खेती और पशुपालन पर निर्भर हैं. मवेशियों की मौत से उनकी आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ेगा. पार्षद रेखा सोरेन ने घटना की सूचना संबंधित विभाग के अधिकारियों को देते हुए पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है. लोगों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कर राहत उपलब्ध कराने की अपील की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SAROJ TIWARY

SAROJ TIWARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >