मगनपुर. गोला प्रखंड के हरना गांव में आयोजित मंडा पर्व के दौरान आस्था और परंपरा का अनोखा दृश्य देखने को मिला. इस अवसर पर शिव भक्तों ने 24 घंटे का निर्जला उपवास रखने के बाद अहले सुबह अंगारों पर नंगे पांव चल कर अपनी श्रद्धा का परिचय दिया. भक्तों का मानना है कि सच्ची आस्था के साथ किये गये इस कठिन तप से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है. अंगारों पर चलने की परंपरा को ग्रामीण वर्षों से निभाते आ रहे हैं. इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत छऊ नृत्य का आयोजन किया गया. पश्चिम बंगाल के कलाकारों की टीम ने रामायण और महाभारत की कथाओं को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को भी जीवित रखते हैं.
मंडा में दिखी शिव भक्ति, अंगारों पर चले श्रद्धालु
मंडा में दिखी शिव भक्ति, अंगारों पर चले श्रद्धालु
