छह हजार से अधिक की आबादी पर केवल तीन लघु जलमीनार

छह हजार से अधिक की आबादी पर केवल तीन लघु जलमीनार

:: रामगढ़ नगर परिषद के वार्ड नंबर 11 में पेयजल संकट :::अधिकांश कुएं सूखने की स्थिति में है और चापानल भी देने लगे हैं जवाब अजय कुमार, गिद्दी रामगढ़ नगर परिषद के वार्ड नंबर 11 में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है. गर्मी की दस्तक के साथ ही क्षेत्र में पानी की समस्या गहराने लगी है. अधिकांश कुएं सूखने की स्थिति में है. चापानल भी जवाब देने लगे हैं. गर्मी आने से पहले लोग कुओं और चापानलों से किसी तरह दैनिक जरूरतें पूरी कर लेते थे, लेकिन अब अधिकांश जलस्त्रोत पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहे हैं. वार्ड में पेयजलापूर्ति के लिए केवल तीन लघु जलमीनार हैं, लेकिन यह यहां की छह हजार से अधिक आबादी के हिसाब से बहुत कम है. वार्ड के रविदास टोला व अंबा टोला में सबसे अधिक पानी की समस्या है. हालांकि, दामाद टोला, नीचे टोला, आजाद मोहल्ला, यादव टोला, प्रजापति टोला सहित अन्य टोला में पानी की समस्या कम नहीं है. पानी की किल्लत के कारण लोगों को सुबह-शाम इधर-उधर भटकना पड़ता है. वार्ड के लगभग 20 से 25 प्रतिशत लोगों ने अपने-अपने घरों में डीप बोरिंग करा लिया है. इसके कारण भूमिगत जल का भी दोहन हो रहा है. इससे पूरे वार्ड का जलस्तर तेजी से नीचे चला गया है. इसका सीधा असर उन लोगों पर पड़ रहा है, जो चापानल व कुओं पर निर्भर हैं. वार्ड में पानी की समस्या है : वार्ड पार्षद फरहद अनीश ने कहा कि वार्ड में पानी की समस्या है, इससे इंकार नहीं किया जा सकता है. इस समस्या को दूर करने के लिए जो कदम उठाया जाना चाहिए, वह रामगढ़ नगर परिषद द्वारा अभी तक नहीं उठाया गया है. लोगों को सुबह-शाम पानी की रहती है चिंता : ग्रामीण सरिता देवी ने कहा कि पूरे वार्ड में पानी की समस्या है. लोगों को सुबह-शाम पानी की चिंता रहती है. वार्ड के नीचे टोला में एक चापानल है. उसी से अधिकांश लोग पानी पीते हैं. गर्मी के दस्तक देते ही यहां पर पानी की समस्या गंभीर हो जाती है. पानी की समस्या से निजात नहीं मिल रही है : ग्रामीण कलाम अंसारी ने कहा कि दामाद टोला में एक लघु जलमीनार और एक चापानल है. इससे दर्जनों घरों के लोग पानी पीते हैं. बिजली गुल होने पर पेयजलापूर्ति ठप हो जाती है. लोगों को वर्षों से पानी की समस्या से निजात नहीं मिल रही है. रविदास व यादव टोला में पानी की समस्या : ग्रामीण राजेंद्र यादव ने कहा कि रविदास व यादव टोला में पानी की बड़ी समस्या है. गर्मी के दिन में यह समस्या बढ़ जाती है. वार्ड में कई लोगों ने अपने-अपने घरों में डीप बोरिंग करा ली है. इसका प्रतिकूल असर जलस्रोतों पर पड़ रह है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Saroj tiwary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >