राहुल दुबे गिरोह के तीन गुर्गों ने गिद्दी सी के कोयला डिपो में हवाई फायरिंग की

राहुल दुबे गिरोह के तीन गुर्गों ने गिद्दी सी के कोयला डिपो में हवाई फायरिंग की

गिद्दी. गिद्दी सी परियोजना के कोयला डिपो में गुरुवार देर रात राहुल दुबे गिरोह के तीन गुर्गों ने दो राउंड हवाई फायरिंग की. ट्रांसपोर्टर के हाइवा वाहन पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने का प्रयास किया. इससे वहां अफरा-तफरी मच गयी. अपराधियों ने चालक को धमकी भरा पर्चा दिया. इसके बाद अपराधी फरार हो गये. इस संबंध में गिद्दी सी के सुरक्षा प्रभारी मनमोहन प्रसाद सिंह व श्याम ट्रांसपोर्ट कंपनी के आनंद कुमार जैन की लिखित शिकायत पर गिद्दी थाना में अलग-अलग मामला दर्ज किया गया है. गिद्दी पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा जब्त किया है. पुलिस सीसीटीवी कैमरा को खंगाल रही है. अपराधियों को पकड़ने के लिए जाल बिछा रही है. जानकारी मिली है कि गिद्दी सी परियोजना के सात नंबर कोयला डिपो में ट्रांसपोर्टिंग के लिए हाइवा वाहन (जेएच02बीवाइ-2369) खड़ा था. दो-तीन वाहनों के चालक भी थे. इसी दौरान तीन अज्ञात अपराधकर्मी लगभग रात 11.30 बजे पैदल वहां पहुंचे और दो राउंड हवाई फायरिंग की. अपराधकर्मियों ने हाइवा वाहन में पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने की कोशिश की. अपराधियों ने वाहन चालक को राहुल दुबे गिरोह के नाम का धमकी भरा लिखित पर्चा दिया है. पर्चा में बॉस से तुरंत बात करने को कहा है. अन्यथा अगली बार फायरिंग नहीं, बम फटने की बात कही है. सभी अपराधकर्मी अपना चेहरा कपड़ा से बांधे हुए थे. इसके बाद वहां से पैदल भाग गये. पुलिस रात में ही घटनास्थल पहुंची. पुलिस ने दो खोखा जब्त किया है. गिद्दी थाना प्रभारी राणा भानु प्रताप सिंह ने कहा कि जिस अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है, उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जायेगा.

गिद्दी थाना क्षेत्र में पहली बार घटना को दिया है अंजाम : राहुल दुबे गिरोह के गुर्गों ने पहली बार गिद्दी थाना क्षेत्र में अपराध की घटना को अंजाम दिया है. हालांकि, गिद्दी क्षेत्र से राहुल दुबे गिरोह के चार-पांच लोगों को रामगढ़ पुलिस कुछ दिन पहले गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. कुछ दिन पहले भुरकुंडा पुलिस ने भुरकुंडा क्षेत्र में रैलीगढ़ा के सन्नी सिंह को एनकाउंटर किया था. एक-दो साल पहले रामगढ़ थाना क्षेत्र की सिरका परियोजना के कोयला डिपो में राहुल दुबे गिरोह के लोगों ने दो-तीन राउंड हाइवा वाहन पर गोली चलायी थी. एक वाहन में पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी थी. हालांकि, बाद में लोगों ने आग को बुझा दिया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SAROJ TIWARY

SAROJ TIWARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >