72 घंटे में चितरपुर ज्वेलरी डकैती का खुलासा, सात अपराधी गिरफ्तार

72 घंटे में चितरपुर ज्वेलरी डकैती का खुलासा, सात अपराधी गिरफ्तार

कई जिलों में छापेमारी के बाद पुलिस को मिली सफलता लूटे गये सोने-चांदी के जेवरात बरामद, हथियार व वाहन भी जब्त आरोपियों के पास से पिस्टल, कारतूस, बाइक, स्कूटी, कार, फोन, जेवरात बरामद. रामगढ़. चितरपुर-रजरप्पा मोड़ एनएच 23 में स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स दुकान से 21 अप्रैल को हुए डकैती कांड का खुलासा पुलिस ने घटना के 72 घंटे में कर दिया. पुलिस ने डकैती कांड के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों में कुजू निवासी सुभानी अंसारी उर्फ ललका, बिहार के नालंदा निवासी पति-पत्नी मनीष कुमार, रीना देवी, बिहार के नालंदा निवासी चंद्रावती देवी, पंडरा रांची के आनंद कुमार, मुड़मा न्यू विधानसभा रांची निवासी अरबाज अंसारी व पुंदाग (रांची) निवासी नसरूल्ला अंसारी उर्फ राजा शामिल हैं. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान चलाया जा रहा है. उक्त जानकारी शुक्रवार को एसपी कार्यालय में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने प्रेस वार्ता में दी. उन्होंने बताया कि घटना को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन वत्स के नेतृत्व में एसआइटी टीम का गठन किया गया था. टीम ने डकैती में लूटे गये जेवरात की बरामदगी व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए रामगढ़ सहित कई जिलों में छापामारी की. बिहार के नालंदा से तीन अप्राथमिकी अभियुक्त मनीष कुमार, रीना देवी व चंद्रावती देवी को सोना-चांदी के आभूषण व कार के साथ गिरफ्तार किया गया. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने कांड में संलिप्तता स्वीकार कर ली है. वह लोग लूटे गये आभूषण को बिक्री के लिए ले जा रहे थे. पुलिस ने पलामू से भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने पकड़े गये आरोपियों के पास से एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, दो बाइक, एक स्कूटी, एक कार, एक फोन, सोने व चांदी के जेवरात को बरामद किया है. छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी : छापामारी टीम में डीएसपी मुख्यालय चंदन वत्स, प्रशिक्षु डीएसपी फैजान अहमद, हरनौत (बिहार) के थाना प्रभारी मुकेश कुमार वर्मा, रजरप्पा के थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, रामगढ़ के थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे, पुनि मांडू के रजत कुमार, पुनि सतेंद्र कुमार सिंह, गोला के थाना प्रभारी पुअनि अभिषेक कुमार, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, कुजू के थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, मांडू के थाना प्रभारी सदानंद कुमार, वेस्ट बोकारो के थाना प्रभारी पुअनि दीपक कुमार, पुअनि रोहित राज सिंह, पुअनि संजय कुमार रजक, पुअनि रंजीत कुमार महतो, पुअनि निरंजन कुमार सिंह, अशोक कुमार, पुअनि अनिल कुमार, पुअनि अमित कुमार, पुअनि अखिलेश कुमार सिंह, पुअनि रोशन बाड़ा व तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी शामिल थे. इस संबंध में चितरपुर निवासी विष्णु प्रसाद ने रजरप्पा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. सुभानी अंसारी उर्फ लालका पर कुजू, मांडू, रजरप्पा, पेटरवार, रांची कोतवाली, रेल रांची में अलग-अलग 15 प्राथमिकी दर्ज है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SAROJ TIWARY

SAROJ TIWARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >