रामगढ़: ‘भारत सरकार’ बोर्ड लगी कार में छिपा था डकैती का खजाना, नालंदा से तीन गिरफ्तार, मास्टरमाइंड अब भी फरार

Ramgarh News: रामगढ़ के शिव शंकर ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को सफलता मिली है. “भारत सरकार” बोर्ड लगी कार से लूटे गए जेवर बरामद हुए. इस पूरे मामले का खुलासा आज सुबह 10 बजे एसपी करेंगे. इससे जुड़ी पूरी खबर नीचे पढ़ें.

सुरेंद्र कुमार/शंकर पोद्दार की रिपोर्ट 

Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिला के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स से 1.05 करोड़ रुपए के आभूषण डकैती कांड में पुलिस ने सफलता हासिल की है. रामगढ़ पुलिस की एसआईटी टीम ने नालंदा पुलिस के सहयोग से हरनौत रेलवे कॉलोनी स्थित एक क्वार्टर में छापामारी कर लूट के जेवर बरामद करते हुए दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस सनसनीखेज मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि लूट के जेवर एक ऐसी कार में छिपाकर रखे गए थे, जिस पर “भारत सरकार” का बोर्ड लगा था. कार में रखे ट्रॉली बैग को खोलते ही पुलिस अधिकारियों के सामने सोने-चांदी के जेवरों का अंबार निकल पड़ा, जिसे देखकर टीम भी हैरान रह गई. गिरफ्तार आरोपियों में इस कांड के मास्टरमाइंड विभाष पासवान उर्फ मृगेन्द्र पासवान के बहनोई मनीष पासवान, उसकी पत्नी रीना देवी और चंद्रावती देवी शामिल हैं. तीनों नालंदा जिले के वेना थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव के निवासी हैं. मनीष पासवान रेलवे में ग्रुप-डी कर्मचारी बताया जा रहा है. हालांकि इस घटना के मास्टरमाइंड विभाष पासवान अब भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर है.

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल को चितरपुर-रजरप्पा मोड़ स्थित शिवशंकर ज्वेलर्स दुकान में पांच से छह अपराधी ग्राहक बनकर पहुंचे थे. कुछ ही देर में अपराधियों ने पिस्टल निकालकर दुकानदार को अपने कब्जे में ले लिया और करीब 1.05 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए. घटना के दौरान तीन से चार अपराधी लूट का सामान लेकर फरार हो गए, लेकिन दुकानदार विष्णु प्रसाद और विवेक ने स्थानीय लोगों के सहयोग से साहस का परिचय देते हुए मौके पर ही दो अपराधी सुभानी अंसारी पिता अब्दुल जब्बार अंसारी और आनंद कुमार पिता स्व अनिल कुमार को दबोच लिया. पकड़े गए अपराधियों के पास से एक पिस्टल, चार मोबाइल और एक बाइक बरामद की गई थी. इन्हीं दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस को पूरे गिरोह की जानकारी मिली और मामले का उद्भेदन संभव हो सका.

रिश्तेदारों के घर में छिपाया गया था लूट का माल

जांच में सामने आया है कि फरार मास्टरमाइंड विभाष पासवान ने लूट के जेवर को ठिकाने लगाने के लिए अपने करीबी रिश्तेदारों के घर को सुरक्षित ठिकाना बनाया था. पुलिस ने मनीष की निशानदेही पर क्वार्टर के बाहर खड़ी कार की तलाशी ली, जिसमें ट्रॉली बैग में रखे जेवर बरामद हुए. बरामद सामान में सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, कई हार, चूड़ियां, बाला, लॉकेट, नथिया, कानबाली, कर्णफूल समेत बड़ी मात्रा में चांदी के बर्तन, चम्मच, ब्रासलेट, चरण पादुका और शिवलिंग शामिल हैं. इसके अलावा, एक कार और मोबाइल भी जब्त किया गया है. पुलिस का मानना है कि अपराधियों ने घटना से पहले कई बार दुकान की रेकी की थी. गर्मी के कारण दोपहर में कम भीड़ का फायदा उठाकर पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया गया.

आज होगा बड़ा खुलासा

इस पूरे मामले में 24 अप्रैल को सुबह 10 बजे रामगढ़ एसपी कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी, जिसमें पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत पूरे कांड का विस्तृत खुलासा करेंगे और फरार आरोपियों से जुड़े अहम तथ्यों को साझा करेंगे. 

मास्टरमाइंड अब भी फरार

सदर डीएसपी-टू संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि इस कांड का मास्टरमाइंड विभाष पासवान फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: ‘मुझे मेरे पति से मिलना है’ सुनते ही जल्लाद बन गया ससुर, लाठी से पीटकर बहू को किया अधमरा

इसे भी पढ़ें: लोहरदगा में दर्दनाक हादसा, इमली पेड़ की डाली काटते समय मजदूर की मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Priya Gupta

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर के लाइफस्टाइल बीट पर 1 साल से काम कर रही हैं. यहां वे हेल्थ, फैशन और भी ट्रेंड से जुड़ी आर्टिकल लिखती हैं. ये हर लेख को दिल से लिखती है, जो पाठकों को सिर्फ जानकारी नहीं, एक एहसास पहुंचा सकें.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >