गोला से राजकुमार की रिपोर्ट
Ramgarh News: झारखंड में रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड कार्यालय परिसर में शनिवार को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में 33 लाभुकों के बीच बकरी एवं बत्तख का वितरण किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक ममता देवी उपस्थित रहीं. उन्होंने लाभुकों को संबोधित करते हुए कहा कि पशुपालन ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बन रहा है. राज्य सरकार जरूरतमंद परिवारों को अनुदान पर पशुधन उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है.
कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही सरकार
विधायक ने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण गरीबों, किसानों एवं बेरोजगार युवाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है. मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना भी उन्हीं योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाना और लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना है. उन्होंने लाभुकों से अपील करते हुए कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए पशुधन की उचित देखभाल करें, ताकि भविष्य में इससे बेहतर आय अर्जित की जा सके.
20 लाभुकों को बत्तख, 13 को मिली बकरी
कार्यक्रम के दौरान कुल 33 लाभुकों के बीच पशुधन का वितरण किया गया. इनमें 20 लाभुकों को बत्तख एवं 13 लाभुकों को बकरी दी गयी. पशुधन प्राप्त करने वाले लाभुकों में उत्साह देखा गया. कई ग्रामीणों ने कहा कि इससे उन्हें स्वरोजगार का अवसर मिलेगा और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी.
वितरण कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को पशुपालन से जुड़ी आवश्यक सामग्रियां भी प्रदान की गयीं. विभाग की ओर से बाल्टी, टब एवं दवा का वितरण किया गया, ताकि पशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित हो सके.
बकरियों की देखभाल जरूरी: डॉ राजेश कुमार
प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ राजेश कुमार ने लाभुकों को पशुपालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध करायी जा रही बकरियों में टैग लगाना अनिवार्य है. टैग लगाने के बाद कुछ मामलों में बकरियां अस्वस्थ हो सकती हैं, इसलिए उनकी नियमित निगरानी और देखभाल जरूरी है. उन्होंने कहा कि पशुओं को समय पर भोजन, स्वच्छ पानी एवं दवा उपलब्ध कराना आवश्यक है. यदि किसी पशु की तबीयत खराब होती है तो इसकी सूचना तुरंत पशुपालन विभाग को दें, ताकि समय पर उपचार कराया जा सके. उन्होंने लाभुकों को पशुपालन को व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिए भी प्रेरित किया.
इसे भी पढ़ें: झारखंड अंडर-20 फुटबॉल टीम में हजारीबाग के रौशन कुमार का चयन
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि प्रीतम, विधायक प्रतिनिधि जाकिर अख्तर, मुखिया सीताराम मुंडा, बीडीओ, विजय ओझा, संतोष सोनी, गुलाम सरवर, विपीन सिंह, भुवनेश्वर महतो, धनेश्वर महतो, योतिंद्र बेदिया, सीतेश्वर महतो, किरण गुप्ता, पूनम कुमारी, अजीत कुमार एवं महेंद्र कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: तिरपाल के नीचे छिपाकर ले जायी जा रही थी अवैध शराब, पुलिस ने पकड़ी बड़ी खेप
