आंगनबाड़ी केंद्र, बनतारा के पास गंदगी का अंबार, बच्चों का स्वास्थ्य खतरे में

आंगनबाड़ी केंद्र, बनतारा के पास गंदगी का अंबार, बच्चों का स्वास्थ्य खतरे में

गोला. गोला के डेली मार्केट के समीप संचालित आंगनबाड़ी केंद्र और राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बनतारा इन दिनों गंभीर स्वच्छता संकट का सामना कर रहा है. डेली मार्केट में बना शौचालय का गंदा पानी आंगनबाड़ी केंद्र के ठीक बगल में नाली के माध्यम से सीधे केंद्र व विद्यालय के पास बहाया जा रहा है. इससे आसपास लगातार बदबू और गंदगी का माहौल बना रहता है. स्थानीय लोगों ने बताया कि डेली मार्केट में लगभग 15 वर्ष पहले सार्वजनिक शौचालय का निर्माण किया गया था, लेकिन पानी निकासी की कोई उचित व्यवस्था नहीं की गयी है. नतीजतन शौचालय का गंदा पानी सीधे आंगनबाड़ी केंद्र के पास गिरता है. सबसे अधिक परेशानी मासूम बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें रोज गंदगी और बदबू के बीच पढ़ाई करनी पड़ती है. आंगनबाड़ी सेविका माला देवी ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग को आवेदन दिया गया है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकाला गया. उन्होंने कहा कि बच्चे बदबू और गंदगी के बीच बैठते हैं. यह उनके स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है. ग्रामीण रोशन नायक ने भी स्थिति पर गहरी नाराजगी जतायी. उन्होंने बताया कि आस-पास के टोले से बच्चे यहां पढ़ने आते हैं, लेकिन वर्तमान स्थिति उनके स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है. उन्होंने नाली निर्माण कर गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था आंगनबाड़ी केंद्र से आगे तक सुनिश्चित करने की मांग की. राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बनतारा भी इस समस्या की चपेट में है. बदबू से शिक्षक व बच्चों को परेशानी होती है : प्रधानाध्यापिका : प्रधानाध्यापिका ने बताया कि कक्षाओं के दौरान हमेशा शौचालय से आने वाली तेज बदबू से शिक्षक व बच्चों को परेशानी होती है. विद्यालय की चहारदीवारी के पास भी शौचालय की गंदगी रहती है. इसका सीधा प्रभाव बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है. स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर गंदगी की साफ-सफाई, उचित नाली निर्माण व शौचालय की जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है..

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Saroj tiwary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >