रामगढ़. प्रधान वनरक्षी शंकर उरांव ने बताया कि गुरुवार देर रात रजरप्पा कॉलोनी क्षेत्र में हाथियों के झुंड के विचरण की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम अविलंब मौके पर पहुंची. टीम ने क्षेत्र का जायजा लेते हुए हाथियों को आबादी वाले इलाके से दूर भगाने का प्रयास शुरू किया.
जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास
उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है और उन्हें सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है. शंकर उरांव के अनुसार, फिलहाल हाथियों का झुंड जनियामारा जंगल में डेरा जमाये हुए है. वन विभाग की टीम आसपास के ग्रामीणों और कॉलोनीवासियों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है. साथ ही लोगों से हाथियों के झुंड के करीब नहीं जाने और किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की गयी है.
