गिद्दी. रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को ठाकुरगोड़ा के समीप गिद्दी-नयामोड़ जर्जर सड़क का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से मरम्मत कार्य की जानकारी ली.
उपायुक्त ने कहा कि सड़क काफी जर्जर है. सीसीएल द्वारा सड़क की मरम्मत का कार्य एक-दो दिनों में शुरू कर दिया जायेगा, ताकि आवाजाही सुचारू रूप से जारी रह सके. उन्होंने कहा कि केवल मरम्मत से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा. लंबे समय तक सड़क को चलने योग्य बनाये रखने के लिए ठोस पहल जरूरी है.
उन्होंने कहा कि इस सड़क से जिन कंपनियों के वाहन नियमित रूप से चलते हैं, उनके मालिकों से बातचीत की जायेगी. सड़क निर्माण को लेकर कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जायेगा. इसके अलावा सड़क निर्माण का प्रस्ताव संबंधित विभाग को भी भेजा जायेगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
उपायुक्त ने कहा कि रामगढ़ जिले में नयामोड़ से लेकर छोटकाचुंबा मोड़ तक सड़क आती है. इसका ही निर्माण होगा.
मौके पर रामगढ़ एसडीओ, मांडू अंचलाधिकारी तृप्ति कुजूर, ग्रामीण राजकुमार टुडू, नंदकिशोर, मिथुन कुमार, सुरेंद्र कुमार महतो, सागर कुमार, बिरजू चौरसिया, अनिमेष सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे.
