गोला. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर आजसू पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने ईसीजी एवं अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की मांग की. इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने सीएचसी पहुंचकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के नाम लिपिक सह कार्यवाहक देव कुमार राम को लिखित आवेदन सौंपा.
युवा आजसू जिला प्रभारी विशु रजवार ने कहा कि सीएचसी में ईसीजी व अल्ट्रासाउंड जैसी आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी होती है. जांच की जरूरत पड़ने पर मरीजों को निजी जांच केंद्रों अथवा दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है. इससे मरीजों का समय और आर्थिक खर्च दोनों बढ़ता है.
उन्होंने कहा कि गोला प्रखंड के बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोग इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर हैं. ऐसे में अस्पताल में जरूरी जांच सुविधाओं की उपलब्धता आवश्यक है.
मौके पर युवा आजसू जिला प्रभारी अरुण दांगी, बिक्की कुशवाहा, जितेंद्र कुमार महतो, प्रीत नायक, बिक्की स्वर्णकार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
