गोला : गोला डीवीसी में पोल एवं गार्ड वायर लगाने की मांग को लेकर बुधवार को आजसू पार्टी के बैनर तले ग्रामीणों ने धरना- प्रदर्शन दिया. ग्रामीणों ने मुख्य गेट को जाम कर दिया. इससे एक घंटे तक डीवीसी के स्टॉफ गेट से बाहर नहीं निकल पाये. पार्षद कपिलदेव मुंडा एवं पूर्व पार्षद गोविंद मुंडा ने बताया कि डीवीसी द्वारा बिजली सप्लाई के लिए लगाये गये पोल व तार हुप्पू गांव में नीचे है.
इससे हमेशा ग्रामीणों को खतरा बना रहता है. लोगों ने इसे ऊंचा करने व गार्ड वायर लगाने की मांग की है. डीवीसी के अधिकारियों द्वारा लिखित आश्वासन के बावजूद अब तक पोल नहीं ऊंचा किया गया है. मंगलवार की रात तकनीकी कारणों से 26 घंटे तक गोला, चितरपुर, मुरी, पेटरवार सहित कई प्रखंड के सैकड़ों गांव अंधेरे में रहे. लोगों ने कहा कि 10 अप्रैल तक तार एवं गार्ड वायर नहीं लगाने पर आंदोलन किया जायेगा. लोगों ने डीवीसी के अधिकारियों को मांग पत्र भी सौंपा. मौके पर प्रमुख जलेश्वर महतो, अल्पसंख्यक मोरचा जिलाध्यक्ष नुरुल्लाह अंसारी, चंद्रशेखर महतो, मो तबरेज, निखिल दांगी, अशोक कुमार, अशोक गुप्ता, अनूप साव, महेश महतो, शमशेर आलम मौजूद थे.
