गांवों में तीन वित्तीय वर्ष की योजनाओं के चयन को लेकर दो दिवसीय कार्यशाला शुरू
सभी योजनाओं का चयन ग्राम सभा द्वारा 18 अक्तूबर को करना है
रामगढ़ : प्रखंड मुख्यालय रामगढ़ में चार अक्तूबर से दुलमी व रामगढ़ प्रखंड का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू हुआ. इसमें रामगढ़ बीडीओ पवन कुमार महतो, दुलमी बीडीओ जया शेखर मुर्मू मौजूद थे. मौके पर बीडीओ ने कहा कि सरकार के निर्देश पर वितीय वर्ष 2016-17, 17-18 व 18-19 के लिए योजनाओं का चयन करना है. इस सभा में किस प्रकार योजनाओं का चयन किया जाये और आनेवाले 15 वर्षो के बाद हमारा गांव कैसा हो इसकी परिकल्पना के साथ योजना का चयन करना है.
इसमें बजट व प्राथमिकता को आधार बनाना है. कार्यशाला के प्रशिक्षक रौशन कुमार ने विस्तार से स्वयंसेवक, वार्ड सदस्य, मुखिया व अन्य प्रतिनिधियों को योजनाओं के चयन को लेकर जानकारी दी.
बताया कि सभी योजनाओं का चयन ग्राम सभा द्वारा 18 अक्तूबर को करना है. इसमें प्राथमिकता को ध्यान में रखना है. इसमें गांव की वर्तमान स्थिति, अगले 15 वर्षो तक गांव की भावी परिकल्पना, कैसा सुधरता हुआ गांव आदि को ध्यान में रख कर कार्ययोजना लेना है. ताकि गांव का विकास तेजी से हो सके. मौके पर जीपीएस मोहनलाल ठाकुर, मुखिया शैलेश सिंह, दोहाकातू मुखिया कलावती देवी सहित दुलमी व रामगढ़ प्रखंड के स्वयंसेवक, दो-दो वार्ड सदस्य, मुखिया आदि मुख्य रूप से मौजूद थे.
