रामगढ़ : बोकारो जोन के आइजी आशीष बत्रा पांच अगस्त को दौरे के क्रम में रामगढ़ एसपी कार्यालय पहुंचे. उन्होंने एसपी रामगढ़ डॉ एम तमिल वाणन से जिला के विधि-व्यवस्था व अपराध से संबंधित जानकारी ली. बाद में जिला के सभी थाना व ओपी प्रभारियों से अपराध अनुसंधान डिडक्शन से संबंधित पूछताछ की. मौके पर सभी ओपी व थाना प्रभारियों को पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देश की जानकारी दी. अपराध अनुंसधान के लिए कई टीप्स दिये. इससे पूर्व आइजी को एसपी कार्यालय में आने व जाने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.
जिला में बेहतर काम हो रहा है : आइजी
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आइजी द्वारा जिला में समय-समय पर दौरा किया जाता है. उसी के क्रम में रामगढ़ जिला आना हुआ है. जिला में अपराध अनुसंधान का बेहतर काम हुआ है. उन्होंने कहा कि जिला में डकैती व लूट की घटना बढ़ी है. लेकिन इसके साथ ही डिडक्शन भी हुआ है. पुलिस कप्तान के नेतृत्व में बेहतर मॉनेटरिंग से काम हो रहा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की पुलिस आधुनिकीकरण की ओर बढ़ रहा है. पूरे राज्य में पीसीआर व हाइवे पेट्रोलिंग के लिए लगभग 600 सौ वाहन उपलब्ध कराया गया है.
पुलिस जवान व पुलिस पदाधिकारी की भरती की प्रक्रिया प्रोसेस में है. उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम एक गंभीर समस्या है. लेकिन प्रदेश की साइबर क्राइम नोटिफाइड पुलिस ने अच्छा किया है. इसके प्रभारी डीएसपी स्तरीय पदाधिकारी हैं. उन्होंने कहा कि जिला में पुलिस लाइन का निर्माण जमीन की उपलब्धता के साथ शुरू कर दिया जायेगा. राशि का अभाव नहीं है. उन्होंने कहा कि अंतराज्यीय अपराध पर अंकुश लगाने के लिए बार्डर क्षेत्र के थाना व जिला के बीच आपसी समन्वय व सूचनाओं के आदान-प्रदान से अपराध व उग्रवाद पर अंकुश लगाया जाता है.
