बरकाकाना़ : रामगढ़ नगर परिषद चुनाव की तिथि अभी घोषित नहीं हुई है. लेकिन मेयर पद के लिए संभावित प्रत्याशियों ने एड़ी-चोटी का जोर लगाना शुरू कर दिया है. भावी प्रत्याशी बरकाकाना क्षेत्र में सघन जनसंपर्क में जुट गये हैं. आजसू जिला सचिव मनोज महतो ने तेलियातू, हेहल, बरकाकाना, नयानगर, घूटूवा आदि क्षेत्रों में जनसंपर्क कर लोगों को पार्टी के नीति-सिद्धांतों की जानकारी दी.
कहा कि क्षेत्र का विकास करना ही उनका एकमात्र मकसद है. उन्होंने कहा कि आजसू ने रामगढ़ जिले को एजुकेशन हब के रूप में विकसित करने का काम किया है. मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी की सोच जनता को विकास से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि जनता ने मौका दिया तो रामगढ़ नगर परिषद का अभूतपूर्व विकास किया जायेगा. दूसरी ओर, लोजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राम भी पूरा जोर लगा रहे हैं.
उन्होंने बरकाकाना, कैथा, हेहल आदि क्षेत्र का दौरा कर जनता से समर्थन की अपील की. श्री राम ने कहा कि रामगढ़ की धरती उनकी जन्मभूमि के साथ-साथ कर्मभूमि भी है. इसके विकास के लिए पार्टी सुप्रीमो रामविलास पासवान से मुलाकात कर समस्याओं को दूर करने का काम किया जायेगा. इसके आलावे अनौपचारिक रूप से कई अन्य संभावित प्रत्याशी भी बरकाकाना क्षेत्र में जनसंपर्क व बैठकों का दौर जारी रखे हुए हैं. जनता में भी इस चुनाव की चर्चा धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगी है. संभावना जतायी जा रही है कि नवंबर में चुनाव हो सकता है.
नये एसओसी यूके सिंह ने दिया योगदान
कुजू़ सीसीएल कुजू क्षेत्र के नये एसओसी यूके सिंह बुधवार को महाप्रबंधक कार्यालय में अपना योगदान दिया. वे इससे पूर्व एनके एरिया में पदास्थापित थे. उन्होंने कहा कि जो भी विभाग में कमी होगी उसे हर संभव पूरा करने का प्रयास के साथ-साथ मुख्यालय के निर्देशानुसार कायाकल्प योजना काे मूर्त रूप देने का प्रयास किया जायेगा.
