मुआवजा राशि देने के बाद जाम हटाया गया
कुजू : कुजू ओपी क्षेत्र के दिगवार 4/6 लेन पर बुधवार की सुबह मारुति की चपेट में आने से दिगवार निवासी कुलदीप साव (28 वर्ष) की मौत घटनास्थल पर हो गयी. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर रोड जाम कर दिया. बाद में कुजू ओपी प्रभारी बालकृष्ण भगत द्वारा मुआवजा की राशि देने के बाद रोड जाम हटाया गया.
जानकारी के अनुसार, कुलदीप अपनी हीरो होंडा मोटरसाइकिल (जेएच01एएल/9382) से सड़क पार कर रहा था. इसी दौरान हजारीबाग से रांची की ओर तेज गति से जा रही मारुति सुजूकी कार (संख्या जेएच012डी/2573) ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया.
इससे कुलदीप की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना की सूचना पाकर कुलदीप के परिजन समेत आस -पास के ग्रामीण उक्त स्थल पर पहुंच कर रोड जाम कर दिया. वे मुआवजा की मांग करने लगे. खबर पाकर कुजू ओपी प्रभारी बालकृष्ण भगत, सअनि अब्दुल्ला खान, रमेश शर्मा सदल बल घटना स्थल पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. ग्रामीण कुछ देर के लिए जाम हटा दिया. आपसी सहमति नहीं बनने के कारण कुछ देर बाद पुन: ग्रामीणों ने रोड जाम कर दिया. रामगढ़ एसडीपीओ दीपक कुमार, मांडू थाना प्रभारी लिलेश्वर महतो, इंस्पेक्टर दिनेश पासवान ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. ओपी प्रभारी ने तत्काल 10 हजार रुपये नकद मुआवजा राशि देने के बाद जाम हटाया गया.
परिजनों का है बुरा हाल
घटना की सूचना पाकर मृतक की पत्नी मंजू देवी तथा उनके परिवार वालों का रो -रो कर बुरा हाल था. मंजू देवी अपने दो बच्चे प्रियांशु कुमारी व अनमोल कुमार को लेकर घटनास्थल पहुंची थी. वह बच्चों की परवरिश को लेकर लोगों के समक्ष गुहार लगा रही थी. इधर, ग्रामीणों ने बताया कि कुलदीप मजदूरी का कार्य कर परिवार का भरण -पोषण करता था.
