पंजाब रेजिमेंटल सेंटर में कसम परेड का आयोजन
रामगढ़ : पंजाब रेजिमेंटल सेंटर रामगढ़ के किलाहरी ड्रिल मैदान में शनिवार को नव प्रशिक्षित जवानों के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर भारत क्षेत्र के चीफ ऑफ स्टॉफ मेजर जनरल एके सिंह थे. नौ महीनों के प्रशिक्षण के बाद 210 नव प्रशिक्षित जवानों ने धार्मिक ग्रंथ श्रीमद्भागवत गीता व श्री गुरु ग्रंथ साहिब को साक्षी मान कर राष्ट्रीय ध्वज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने की शपथ ली.
शपथ लेकर नव प्रशिक्षित जवानों ने सिख रेजिमेंट के सिपाही का दर्जा हासिल किया. मुख्य अतिथि मेजर जनरल ने जवानों को सफलता पूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण होने पर बधाई दी. उन्होंने जवानों को एकजुट होकर कठिन परिश्रम, वफादारी व ईमानदारी से कार्य करते हुए भारतीय सेना व देश को गौरवान्वित करने की अपील की. उन्होंने नव प्रशिक्षित जवानों को भविष्य में आने वाली चुनौतियों से भी अवगत कराया. शपथ ग्रहण समारोह में नव प्रशिक्षित जवानों ने पंजाब रेजिमेंटल सेंटर के बैंड दल के सुमधुर धुन पर शानदार परेड की.
परेड की सलामी मुख्य अतिथि मेजर जनरल एके सिंह ने लिया. उनके साथ सेंटर कमांडेट ब्रिगेडियर जीपीएस सिसोदिया भी मौजूद थे. शपथ ग्रहण समारोह में सेंटर के सैन्य अधिकारी, जेसिओज, एनसीओज, जवान व उनके परिवार के लोग मौजूद थे.
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवान हुए सम्मानित: शपथ ग्रहण समारोह में प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को मुख्य अतिथि मेजर जनरल एके सिंह द्वारा सम्मानित किया गया.
ओवर ऑल बेस्ट सिपाही का पुरस्कार रामलाल, ओवर ऑल सेकेंड बेस्ट सिपाही का पुरस्कार प्रीतम सिंह, फायरिंग का पुरस्कार सिपाही चंद्रप्रकाश, बेस्ट ड्रिल का पुरस्कार सिपाही योगेश वर्मा को, बीपीइटी का पुरस्कार सिपाही चंचल को तथा बाइट फाइटिंग का पुरस्कार सिपाही राहुल को प्रदान गया.
