रामगढ़ : बिजुलिया स्थित नवनीत हार्डवेयर स्टोर्स के मालिक अशोक कुमार ने रामगढ़ थाना प्रभारी को आवेदन दिया है. आवेदन में अशोक कुमार महेश्वरी ने बैंक के कर्मचारियों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने फार्म में नाम बदल कर एक लाख 66 हजार 995 रुपये दूसरे के एकाउंट में भेज दिया.
आवेदन में लिखा है कि उन्होंने 13 अप्रैल 2018 को एक लाख 66 हजार 995 को (चेक नंबर 50335) एनइएफटी के माध्यम से स्टील सेल्स कॉरपोरेशन, रांची को एनइएफटी करने के लिए बैंक ऑफ इंडिया, नारायण कांप्लेक्स मेन रोड स्थित शाखा में जमा कराया था. जब 12 जून 2018 को स्टील सेल्स कॉरपोरेशन से अपने हिसाब का मिलान किया, तो मालूम चला कि स्टील सेल्स कॉरपोरेशन के खाते में पैसा ट्रांसफर नहीं हुआ है. इसकी शिकायत बैंक में की गयी. काफी खोजबीन के बाद एनइएफटी फॉर्म मिला. आवेदन में लिखा है कि फॉर्म देखने पर पता चला कि चेक के पीछे पार्टी का नाम मिटा कर बदल दिया गया था.
फॉर्म को बदल कर उसमें कार्बन कॉपी से फर्जी साइन कर दिया गया था. उक्त राशि एनइएफटी के माध्यम से रवि कुमार ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स गिरिडीह शाखा खाता नंबर 20512193000055 आइएफएससी कोड ओआरबीसी 0102051 में कर दिया गया था. उन्होंने लिखा है कि फॉर्म में इतना बदलाव के बाद बिना बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से यह धोखाधड़ी संभव नहीं है. अशोक कुमार माहेश्वरी ने थाना प्रभारी से बैंक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उचित कारर्रवाई करने आैर अपने पैसे को वापस दिलाने की मांग की है.
