प्रतिनिधि, मेदिनीनगर चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में हुए गोलीकांड का मुख्य आरोपी मंटू सिंह ने मंगलवार सुबह सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया. थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि करीब नौ बजे आरोपी के सरेंडर की सूचना मिली. पुलिस अब न्यायालय से रिमांड की मांग करेगी ताकि घटना की साजिश, अन्य आरोपियों की भूमिका और विवाद के कारणों की गहन जांच की जा सके. गौरतलब है कि 23 मई को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई थी. इस दौरान हुई गोलीबारी में सिकंदर चौधरी की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग घायल हुए थे. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया था. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. 17 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी मामले में 17 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा ने चार से 30 जून तक रामपुर और आसपास के क्षेत्र में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी है, ताकि अनावश्यक भीड़ न जुटे. थाना प्रभारी ने बताया कि लगातार दबाव और गिरफ्तारी अभियान के चलते ही मुख्य आरोपी मंटू सिंह ने अदालत में आत्मसमर्पण किया. अब पुलिस की जांच से यह स्पष्ट होगा कि इस विवाद की पृष्ठभूमि क्या थी और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता रही.
रामपुर गोलीकांड के मुख्य आरोपी सिविल कोर्ट में किया सरेंडर
रामपुर गोलीकांड के मुख्य आरोपी सिविल कोर्ट में किया सरेंडर
