उपस्थिति पंजी में एडवांस हाजिरी दर्ज मिली, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के कक्ष में निजी पैथोलॉजी सेंटर का विजिटिंग कार्ड मिलने पर एसडीओ ने जतायी आपत्ति
पाटन, पलामू : सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने के लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय ने शुक्रवार की शाम पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया. शाम करीब 6.30 बजे किये गये निरीक्षण के दौरान कई डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से गायब मिले. वहीं, उपस्थिति पंजी की जांच में शनिवार की अग्रिम हाजिरी दर्ज किये जाने का मामला भी सामने आया. एसडीओ ने अस्पताल की व्यवस्था, साफ-सफाई और दवा प्रबंधन को लेकर भी जानकारी ली.
अनुपस्थित कर्मियों की शनिवार की एडवांस हाजिरी
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी की जांच में पाया गया कि शुक्रवार को ड्यूटी से अनुपस्थित कई स्वास्थ्यकर्मियों की शनिवार की हाजिरी पहले ही दर्ज कर दी गयी थी. इनमें डॉ केआर कौशल, डॉ मनशुर अंसारी, डॉ रंजन कुशवाहा, सीपीएम शशिकांत कुमार, बीएएम धीरज कुमार, सहायक लक्ष्मी कांत दास, चंदन कुमार, एमटीएस उदय चौधरी, एएनएम ओलिवा एक्का, सुष्मिता कुमारी, संगीता कुमारी, एसटीएलएस मनीष कुमार, जीएनएम अभिषेक कुमार और गृह रक्षक पूनम कुमारी के नाम शामिल हैं.
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी भी अनुपस्थित मिले. उनके कार्यालय में टेबल पर ‘डॉ जे शरण पैथोलॉजिकल लैबोरेट्री एंड स्कैनिंग सेंटर, डालटनगंज’ का विजिटिंग कार्ड रखा मिला. एसडीओ ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सरकारी कार्यालय में निजी पैथोलॉजी सेंटर का प्रचार किया जाना उचित नहीं है.
बिना रोस्टर के पहुंचे डॉक्टर
निरीक्षण शुरू होने के करीब 20 मिनट बाद एक व्यक्ति अस्पताल पहुंचा और उसने अपना परिचय डॉ आनंद कुमार के रूप में दिया. उसने ड्यूटी पर होने की बात कही, लेकिन उसके पास चिकित्सक का रोस्टर नहीं था. जांच के दौरान उपस्थिति पंजी में भी उसका नाम दर्ज नहीं मिला.
वहीं, डॉ रामाश्रय की उपस्थिति पंजी में हाजिरी दर्ज थी, लेकिन वे निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मौजूद नहीं थे. एसडीओ ने इस मामले की भी जांच की.
दवा उपलब्ध, लेकिन स्टॉक पंजी अपडेट नहीं
सीएचसी में आपातकालीन दवाओं की स्थिति की भी जांच की गयी. अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम और रैबीज वैक्सीन उपलब्ध मिली, लेकिन इनके स्टॉक की पंजी अद्यतन नहीं थी. वैक्सीनेशन रजिस्टर भी अपडेट नहीं पाया गया.
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था भी असंतोषजनक मिली. ड्रेसिंग रूम, ओपीडी सहित विभिन्न स्थानों पर गंदगी पायी गयी. वहीं, अस्पताल से निकलने वाले बायोमेडिकल वेस्ट के प्रबंधन की व्यवस्था भी ठीक नहीं मिली.
अस्पताल में एक भी मरीज नहीं मिला
निरीक्षण के समय सीएचसी में एक भी मरीज भर्ती नहीं मिला. एसडीओ ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की.
एसडीओ संजय पांडेय ने निरीक्षण के दौरान सामने आयी अनियमितताओं को गंभीरता से लिया है. उन्होंने जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के संकेत दिये हैं.
