प्रतिनिधि, मेदिनीनगर
लंबे समय से क्षेत्र की जनता जयपुर और प्रयागराज जैसे शहरों के लिए सीधी ट्रेन की मांग कर रही थी. सांसद श्री राम ने इस मुद्दे को लोकसभा में नियम 377 और शून्यकाल के दौरान प्रमुखता से उठाया. उन्होंने रेल मंत्रालय के समक्ष लिखित और मौखिक प्रस्ताव रखे तथा मंडल (डीआरएम) और जोनल (जीएम) स्तर की बैठकों में लगातार दबाव बनाया. हाल ही में उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से व्यक्तिगत मुलाकात कर क्षेत्र की जनभावनाओं को साझा किया, जिसके बाद रेलवे बोर्ड ने इसकी आधिकारिक स्वीकृति दी.
पलामू और गढ़वा की रेल संपर्क व्यवस्था सुदृढ़ होगी : सांसदसांसद ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे पलामू और गढ़वा की रेल संपर्क व्यवस्था सुदृढ़ होगी और क्षेत्र के समग्र विकास को बल मिलेगा. उन्होंने बताया कि बहुत जल्द एक भव्य कार्यक्रम के माध्यम से इस ट्रेन का शुभारंभ किया जायेगा, जिसमें वे स्वयं उपस्थित रहकर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित करेंगे. इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के कारण ही पलामू निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर है.
