कंप्यूटर आपरेटर के भरोसे चल रहा है कार्यालय
निखिल सिन्हा, मेदिनीनगर
गुरुवार को जिला मत्स्य कार्यालय का हाल बेहद निराशाजनक रहा. कार्यालय में पदाधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित मिले. केवल कंप्यूटर ऑपरेटर मौजूद था, जिसने बताया कि जिला मत्स्य पदाधिकारी मोहम्मद कमरू जमा किसी कार्यवश चार दिनों के लिए बाहर गये हैं और सोमवार तक लौटने की उम्मीद है. प्रधान लिपिक अर्जुन गोप भी कार्यालय में नहीं थे. उन्होंने मोबाइल पर बताया कि निजी कार्य से डॉक्टर के पास आए हुए हैं. वहीं फील्ड अफसर राजीव रंजन भी कार्यालय में उपलब्ध नहीं थे. उन्होंने फोन पर कहा कि निजी कार्य से दो-तीन दिन तक अनुपस्थित रहेंगे.इस स्थिति के कारण विभाग का कामकाज ठप पड़ा हुआ है. योजनाओं से संबंधित जानकारी लेने आये लोग निराश होकर लौट गये. प्रभात खबर के प्रतिनिधि ने भी जब जानकारी लेने का प्रयास किया तो कार्यालय में ताला लटका मिला. जिला मत्स्य पदाधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गयी, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला.
ग्रामीणों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो सरकार की योजनाओं का लाभ लाभुकों तक नहीं पहुंच पायेगा. चैनपुर प्रखंड के बसरिया गांव के महेंद्र प्रसाद ने बताया कि वे योजना को लेकर मिलने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पदाधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी. कर्मचारियों की मनमर्जी और लापरवाही से विभागीय कार्य प्रभावित हो रहा है. यह स्थिति सरकारी कार्यालयों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती है और आम जनता को योजनाओं से वंचित कर रही है.