प्रतिनिधि, उंटारी रोड पलामू जिले के उंटारी रोड प्रखंड कार्यालय की स्थिति प्रशासनिक लापरवाही का स्पष्ट उदाहरण है. यहां अधिकांश कर्मचारी समय पर दफ्तर नहीं पहुंचते, जिससे आम जनता का काम ठप पड़ जाता है. कर्मचारी जिला मुख्यालय में रहते हैं और रोजाना पैसेंजर ट्रेन से आते-जाते हैं. ट्रेन की अनियमितता के कारण वे देर से पहुंचते हैं और शाम को जल्दी लौट जाते हैं. सोमवार को दोपहर 12:30 बजे तक कार्यालय के कई कमरे खाली थे और दरवाजे तक नहीं खुले थे. बीडीओ श्रवण भगत ने खुद कैमरे के सामने यह हकीकत दिखाई और बताया कि स्टाफ की अनुपस्थिति से सरकारी कार्य समय पर पूरे नहीं हो रहे हैं. बीडीओ ने कहा कि अनुपस्थित कर्मियों की हाजिरी काटने और वेतन रोकने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ है. कई लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ जिला मुख्यालय को लिखित शिकायत भेजी गयी है, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से उनका मनोबल बढ़ा हुआ है. इसका सीधा असर जनता पर पड़ रहा है, जो दूर-दराज से आकर दिनभर परेशान होती है. इस समस्या का समाधान स्थानीय आवास व्यवस्था, कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई और डिजिटल सेवाओं के विस्तार से संभव है. यदि कर्मचारियों को प्रखंड मुख्यालय में रहने के लिए बाध्य किया जाए और ऑनलाइन सेवाओं को बढ़ावा दिया जाये, तो जनता को राहत मिलेगी और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार होगा.
ट्रेन के भरोसे होती है अधिकांश कर्मियों की ड्यूटी, कभी भी समय पर नहीं पहुंचते कर्मी
ट्रेन के भरोसे होती है अधिकांश कर्मियों की ड्यूटी, कभी भी समय पर नहीं पहुंचते कर्मी
